Kanpur: प्रेमजाल में फंसाकर प्रेमिका ने किया ब्लैकमेल; छीन ली कार, खाते से उड़ाए 40 हजार, पीड़ित की मां ने दर्ज कराई रिपोर्ट
कानपुर, अमृत विचार। चकेरी थानाक्षेत्र में एक महिला ने युवती पर उनके बेटे को प्रेमजाल में फंसाकर वसूली और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। आरोप है, कि इस काम में युवती के परिजन भी उसका साथ दे रहे हैं। आरोप लगाया कि आरोपी उनके बेटे की कार जबरन ले गए और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित की मां ने मामले की शिकायत डीसीपी पूर्वी से की। जिनके आदेश पर चकेरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
लाल बंगला निवासी महिला संध्या द्विवेदी के अनुसार वह पूर्व में काकादेव पुरानी बस्ती में रहती थी। काकादेव में रहने के दौरान बेटे रजत द्विवेदी को शास्त्री नगर निवासी युवती आकांक्षा सिंह ने अपने प्रेमजाल में फंसा लिया और उसे ब्लैकमेल कर परेशान करने लगी। इस वजह से वह अपने बेटे के साथ चकेरी लाल बंगला में अपने रिश्तेदार के वहां पर रहने लगी।
इस दौरान युवती उनके बेटे की सियाज कार जबरन ले गई, साथ ही बेटे को धमकाकर 40 हजार रुपये ऑनलाइन ले लिए। पीड़ित के अनुसार इन सब में युवती की मां गुड़ियां व भाई आशीष सिंह दोनों लोग मिले है और उसका साथ देते है। आरोप है, कि युवती व उसके परिजन लगातार बेटे और उनको फोन कर गाली गलौज करने के साथ जबरन रुपये मांगते हैं, विरोध करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हैं। पीड़ित की मां ने मामले की शिकायत डीसीपी पूर्वी श्रवण कुमार सिंह से की। इस संबंध में चकेरी प्रभारी निरीक्षक अशोक दुबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
