Kannauj Weather News: जलवायु परिवर्तन से तापमान लगातार चौथे दिन 46 डिग्री के पार...भीषण गर्मी से लोग परेशान

पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही भीषण लू

Kannauj Weather News: जलवायु परिवर्तन से तापमान लगातार चौथे दिन 46 डिग्री के पार...भीषण गर्मी से लोग परेशान

कन्नौज, अमृत विचार। यह जलवायु परिवर्तन का ही असर है कि लगातार चौथे दिन पारा 46 डिग्री से पार जा रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले तीन दिन तक तापमान बढ़ने तथा भीषण लू चलने की भविष्यवाणी की है। पश्चिमी विक्षोभ पहले कभी इतने दिन तक प्रभावी नहीं रहा, लेकिन इस बार पिछले 17 सालों में जून माह अधिक गर्म रहा है और अन्य वर्षों की तुलना में इस बार अपेक्षाकृत अधिक गर्मी पड़ रही है, जिससे आम जनमानस व्याकुल है। 

सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस रहा और न्यूनतम तापमान भी 31.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। दोपहर में 14 किमी प्रतिघंटा के वेग से गर्म हवाएं (हीटवेव) चली, जिससे लोगों का तन झुलस गया। वहीं, पेड़ों पर बैठे पक्षी भी प्यास से व्याकुल होकर नीचे गिरकर मर गए। दोपहर में तो स्थिति यह थी कि शहर में अघोषित कर्फ्यू जैसा नजारा दिखाई दे रहा था। सड़कों पर इक्का-दुक्का लोग ही मुंह बांधे निकलते दिखाई दिए। कुछ लोग छांव में खड़े होकर पानी से गला तर कर रहे थे।

मौसम विभाग का कहना है कि मध्य क्षोभ मंडलीय हवाओं के कारण राजस्थान के मरुस्थल से गर्म हवाएं उत्तर मध्य के मैदानी इलाके की तरफ आ रही हैं। 21 जून तक सूर्य की किरणें भी सीधीं पृथ्वी पर पड़ रहीं हैं, जिससे तापमान लगातार बढ़ रहा है। जलवायु परिवर्तन के कारण पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी हो रहा है।

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के कारण उत्तरी इलाके के ऊपर एक क्षोभमंडल बन गया है, जिससे आसमान साफ हो गया। हवाओं की गति भी सामान्य से अधिक है, जिसके कारण हीटवेव का प्रकोप भी अधिक हो गया है। 

इस तरह बढ़ा तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

दिन        अधिकतम    न्यूनतम

10 जून        45.5        30.1
11 जून        45.2        31.5
12 जून        45.3        30.7
13 जून        45.5        29.7
14 जून        46.2        30.2
15 जून        46.0        29.7
16 जून        46.2        30.6
17 जून        46.5        31.5

मौसम विभाग ने जारी किया तीन दिन का अलर्ट

कृषि विज्ञान केंद्र अनौगी के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरेंद्र कुमार ने बताया कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने हीटवेव को लेकर तीन दिन का अलर्ट जारी किया है। पूरे उत्तर भारत सहित मध्य प्रदेश, राजस्थान व छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भीषण लू चलेगी और तापमान 48 डिग्री से भी ऊपर पहुंच सकता है। इसके अलावा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भी तीन दिन का लू अलर्ट जारी करते हुए एडवाइजरी जारी की है। हीटवेव का प्रभाव 19 जून तक अधिक रहेगा, इसके बाद विक्षोभ कम होने की संभावना है, जिससे तापमान चार डिग्री तक नीचे जा सकता है। मॉनसून आने में अभी एक सप्ताह लग सकता है।

ये भी पढ़ें- Kannauj: पतित पावनी के महादेवी घाट पर गूंजा ‘समृद्धि’ का शंखनाद...दिव्य गंगा महोत्सव का आयोजन, काशी से आए आचार्यों ने की गंगा आरती