अयोध्या: दुबई के कलाकारों ने तुलसी मंच पर किया रामायण का मंचन..

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भरतनाट्यम शैली में रामायण और जलतरंग पर भजन, तुलसी मंच पर अंतरराष्ट्रीय कलाकारों की प्रस्तुति

अयोध्या, अमृत विचार। संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित रामोत्सव के तुलसी मंच पर नवरात्रि के प्रथम दिन अंतरराष्ट्रीय कलाकारों की प्रस्तुति ने सभी को मोह लिया। दुबई से आए टीम मोहाना के तीस महिला कलाकारो ने एक साथ रामायण के श्लोकों को गाकर वातावरण में राम रस घोल दिया। 

रामायण के प्रसंगों पर भरतनाट्यम शैली में नृत्य के माध्यम से राम कथा को देखना सभी को रोमांचित कर दिया। चौबीस रागों में निबद्ध संपूर्ण रामायण का गायन जहां सभी को आनंदित कर रहा था वहीं शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुति को और प्रभावी बना रहा था। अपने सधे स्वर और कदमताल से कलाकारों द्वारा प्रदर्शित राम चरित्र को दर्शक मंत्रमुग्ध होकर देख रहे थे। राधिका, आनंद, विनय, दीपा और रूपा के निर्देशन में दुबई से आए कलाकार प्रदर्शन के बाद अभिभूत दिखे। 

बरेली से आए श्रीयांश मणि ने अपने सुरीले स्वर में जैसे गाया ऐ री सखी,मोरे प्रभु घर आए है तो वातावरण राममय हो गया। इसके बाद अपने सधे अंदाज में राम नाम के हीरे मोती गाकर सभी को मुग्ध कर दिया। इसके बाद प्रयागराज से आए प्रत्युष श्रीवास्तव ने अपने दल के साथ प्रस्तुति दी। 

जलतरंग जैसे वाद्ययंत्र पर सजा दो घर को गुलशन सा बजा कर सभी को हतप्रभ कर दिया। लखनऊ से आए शिवलाल भारद्वाज ने इसके बाद तेरा रामजी करेंगे बेड़ा पार से प्रभु के प्रति समर्पण दिखाया। राम नाम रस मीठा है कोई गा कर देख ले और लेके पूजा की थाली जैसे भजनों को सुनकर सभी नृत्य करने लगे। संचालन भक्तिपूर्ण भाव से आकाशवाणी के उद्घोषक  देश दीपक मिश्र ने किया। उत्तर प्रदेश लोक एवम जनजाति संस्कृति संस्थान लखनऊ के निदेशक अतुल द्विवेदी के निर्देशन में कलाकारों का सम्मान स्मृति चिह्न देकर अतुल कुमार सिंह ने किया।

यह भी पढ़ें:-बहराइच: पूजा के दौरान काटा सांप, तो डिब्बे में बंदकर इलाज के लिए पहुंचा अस्पताल, लोग देख कर रह गए दंग

संबंधित समाचार