बदायूं: अधिवक्ता के घर पर बदमाशों ने बोला धावा...परिवार को बनाया बंधक, नकदी समेत ले गए 15 लाख रुपए

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ओरछी, अमृत विचार: बदमाशों ने थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव हबीबपुर दजराम निवासी अधिवक्ता के घर धावा बोला। परिजनों को बंधक बनाकर ढाई लाख रुपये नगद, 12 लाख रुपये के आभूषण समेत लगभग 15 लाख की लूट की। परिवार में युवती की 10 मई को शादी के चलते नकदी और आभूषण रखे हुए थे। जाने से पहले बदमाशों ने शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों के आने के बाद परिजन बंधनमुक्त हुए और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौका मुआयना किया। 

गांव निवासी अधिवक्ता दिग्विजय सिंह जिला संभल की तहसील चंदौसी में वकालत करते हैं। गांव में उनका पैतृक मकान के अलावा एक अन्य मकान भी है। उनके भाई शत्रुघ्न गांव के प्रधान रह चुके हैं। शुक्रवार रात अधिवक्ता दुग्विजय सिंह अपनी पत्नी रामबेटी और बेटी शीला के साथ दूसरे मकान पर सोए थे जबकि पैतृक मकान पर उनका भतीजा मुनीश, पुत्रवधु सीमा, भाई शत्रुघ्न की पत्नी झरना घर पर थे जबकि परिवार के अन्य लोग घेर में सोए थे। 

सीमा कंप्टीशन की तैयारी कर रही हैं। वह रात में पढ़ाई कर रही थीं। रात लगभग 12 बजे मुनीश की पत्नी सीमा बाथरूम गईं। दो नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। तमंचे के बल पर मुंह में कपड़ा ठूंसकर बंधक बनाया। हाथ और पैर बांधकर बाथरूम के पास छोड़ दिया। जिसके बाद बदमाशों ने मकान में घुसकर मुनीश और झरना देवी को तमंचा के बल पर बंधक बना लिया। उनसे सामान की जानकारी की। 

पीड़ितों के शोर करने पर जान से मारने की धमकी दी। तमंचे के बल पर अलमारी की चाबी ले ली। अलमारी से सोने की चेन व हार, एक जोड़ी झाले, हसली, कंठी, सात अंगूठी, मंगलसूत्र आदि के अलावा ढाई लाख रुपये व अन्य सामान लूटकर छत के रास्ते से भाग गए। सीमा ने बताया कि दो बदमाश घर में आए थे जबकि मकान की छत पर उनके कुछ और साथी होंगे। बदमाशों के जाने पर पीड़ित बंधनमुक्त हुए। 

दिग्विजय सिंह और अन्य परिजनों को सूचित करते हुए डायल 112 पर पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने जांच शुरू की। शनिवार सुबह बिसौली सीओ सुनील कुमार, थाना फैजगंज बेहटा के थानाध्यक्ष वेदपाल सिंह के अलावा एसओजी घटनास्थल पर पहुंचे। जल्द ही खुलासा करने का आश्वासन दिया। सीमा ने बताया कि बदमाशों ने उन्हें धमकाया था कि अगर शोर मचाया तो दिग्विजय सिंह और मुनीश को जान से मार देंगे। 

बदमाशों ने अधिवक्ता को उस नाम से पुकारा था। जिस नाम से ग्रामीण पुकारते हैं। जिससे माना जा रहा है कि बदमाश उन्हें पहले से ही जानते थे। थानाध्यक्ष वेदपाल सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। लूटपाट नहीं हुई है। परिवारिक विवाद लग रहा है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- बदायूं: इस बार जुलाई माह में ही मिल पाएंगी कक्षा एक और दो की किताबें, शासन स्तर पर टेंडर न होने से नहीं हुई है छपाई

संबंधित समाचार