नैनीताल: सरोवर नगरी में जाम ही जाम, 30 मिनट के सफर में लगे तीन घंटे   

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनीताल, अमृत विचार। तल्लीताल से सूखाताल तक सोमवार को लोग दिनभर जाम में फंसे रहे। गाड़ियां रेंगती रहीं, जिसके चलते लोगों को घंटों जाम में फंसने पर मजबूर होना पड़ा।

लोगों को जाम में फंसकर 30 मिनट का सफर पूरा करने में तीन-तीन घंटे लगे। पर्यटकों के साथ ही स्थानीय लोग भी जाम में फंसकर पूरे दिन परेशान दिखाई दिए। वहीं दो बजे स्कूलों की छुट्टी होने के बाद अमूमन तीन बजे तक घर पहुंच जाने वाले बच्चे सोमवार को चार बजे तक ही घर पहुंचे, हालांकि पुलिस का कहना है कि नगर में जाम की समस्या उत्पन्न ना हो इसके लिए नगर में 20 मिनट के अंतराल पर वाहनों को प्रवेश दिया जा रहा। उसके बावजूद नगर में जाम की इतनी विकराल स्तिथि बनी हुई है।

बता दें कि जून का माह शुरू होते ही पर्यटन सीजन भी अपने चरम सीमा पर पहुंच चुका है। हर रोज हजारों की संख्या में अलग-अलग राज्यों से सैलानी नैनीताल, पंगुट मुक्तेश्वर, सातताल आदि पर्यटन क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं, जिसके चलते अब पूरे क्षेत्र में वाहनों के लंबे जाम से लोगों को फजीहत उठानी पड़ रही है। स्कूली बच्चों सहित भवाली व हल्द्वानी से नैनीताल कार्यालय आने वाले लोग ना तो समय पर सुबह कार्यालय व ना शाम को समय पर घर पहुंच पा रहे हैं। वहीं स्कूली बच्चे भी जाम के चलते तीन-तीन घंटे देरी से घर पहुंच रहे हैं। 


सड़क किनारे खड़े वाहन बन रहे मुख्य कारण 
नैनीताल। नगर में दिन प्रतिदिन वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण नैनीताल में पार्किंग की समस्या पैदा हो रही है, जिसके चलते लोग अब अपने दोपहिया व चारपहिया वाहनों को सड़क के कनारे खड़े करने लगे हैं। हल्द्वानी रोड में तीन मूर्ति से डांठ तक, मालरोड, जू रोड, बिड़ला रोड, कलेक्ट्रेट रोड, सूखाताल रोड, जिला पंचायत रोड व मेट्रोपॉल रोड में रोजाना डेढ़ हजार से ज्यादा दो पहिया व चार पहिया वाहन पार्क हो रहे हैं। पर्यटन सीजन के चलते सड़क किनारे अवैध रूप से पार्क इन वाहनों से कई बार जाम लगने की समस्या सामने आ रही है, लेकिन पुलिस अभियान चलाने के बाद भी सड़क किनारे अवैध रूप से पार्क वाहनों को नहीं हटा पा रही है।

संबंधित समाचार