सुरक्षा वापस लिए जाने के ब्रिटिश सरकार के फैसले के खिलाफ अदालत पहुंचे प्रिंस हैरी, जानिए पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लंदन। प्रिंस हैरी ने सुरक्षा वापस लिए जाने के ब्रिटिश सरकार के फैसले के खिलाफ एक अदालत में अपील की है। हैरी द्वारा राजपरिवार के कार्यकारी सदस्य की भूमिका नहीं निभाने का फैसला लिये जाने और अमेरिका में बसने के बाद फरवरी 2020 में उन्हें सरकार द्वारा प्रदत्त सुरक्षा वापस ले ली गई थी। हैरी को ‘ड्यूक ऑफ ससेक्स’ की उपाधि मिली हुई थी। 

हैरी सरकार के फैसले को बरकरार रखने के अधीनस्थ न्यायालय के फैसले को चुनौती देने के लिए मंगलवार को लंदन की अपीलीय अदालत पहुंचे। पिछले वर्ष उच्च न्यायालय के एक न्यायाधीश ने फैसला सुनाया था कि हैरी को आवश्यकतानुसार ‘विशेष’ सुरक्षा प्रदान करने का सरकार का फैसला गैरकानूनी, तर्कहीन या अनुचित नहीं था। हैरी ने दावा किया था कि सोशल मीडिया और मीडिया द्वारा लगातार उन्हें निशाना बनाया जा रहा है, जिस कारण उन्हें और उनकी पत्नी मेगन को अपने देश लौटने पर शत्रुतापूर्ण व्यवहार का सामना करना पड़ता है और इससे उन्हें खतरा है। 

राजा चार्ल्स तृतीय के छोटे बेटे 40 वर्षीय हैरी ने सरकार और मीडिया के खिलाफ अदालत का रुख कर शाही परिवार की परंपरा को तोड़ा है। हैरी इस मामले से जुड़ा एक अदालती मुकदमा भी हार चुके हैं, जिसमें उन्होंने ब्रिटेन में रहने के दौरान पुलिसकर्मियों को निजी तौर पर भुगतान करने की अनुमति मांगी थी। एक न्यायाधीश ने हैरी के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया था और सरकारी वकील ने दलील दी थी पुलिस अधिकारियों को ‘धनी लोगों के निजी अंगरक्षक’ के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। 

ये भी पढे़ं : दुबई के युवराज शेख हमदान भारत पहुंचे, जयशंकर ने किया स्वागत, पीएम मोदी ने दिया भोज

संबंधित समाचार