15 साल पुरानी एक्शन फ्रैंचाइजी से साथ फिर वापसी कर रहे जॉन अब्राहम, इस दिन थिएटर में मचाएगी तहलका

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

मुंबईः एक्शन थ्रिलर प्रेमियों के लिए खुशखबरी है। जॉन अब्राहम की लोकप्रिय 'फोर्स' फ्रैंचाइजी का तीसरा भाग अब आकार ले रहा है। फिल्म की शूटिंग का पहला शेड्यूल शुरू हो चुका है और पूरी टीम इसे और भी बड़े स्तर पर पेश करने की तैयारी में जुटी हुई है।

पहले दो पार्ट्स की जबरदस्त सफलता के बाद 'फोर्स 3' को लेकर दर्शकों की उम्मीदें आसमान छू रही हैं। इस बार जॉन अब्राहम एसीपी यशवर्धन सिंह के रौबदार रोल में एक बार फिर स्क्रीन पर धमाल मचाने वाले हैं। उनके साथ मुख्य भूमिकाओं में हर्षवर्धन राणे और तान्या मानिकतला भी नजर आएंगे। हर्षवर्धन का किरदार अभी सस्पेंस में है, जबकि तान्या को पहले 'ए सूटेबल बॉय' में उनकी एक्टिंग के लिए खूब सराहा जा चुका है।

कास्ट और क्रू

फिल्म का निर्देशन भाव धुलिया संभाल रहे हैं, जो 'खाकी: द बिहार चैप्टर' और 'द फ्रीलांसर' जैसी हिट वेब सीरीज के लिए मशहूर हैं। दिलचस्प बात यह है कि भाव धुलिया ने 'फोर्स' के पहले भाग में सहायक निर्देशक के रूप में काम किया था, इसलिए यह प्रोजेक्ट उनके लिए खास है। पटकथा सिमाब हाशमी ने लिखी है, जबकि संगीत रवि बसरूर का और गाने इरशाद कामिल के हैं।

जॉन अब्राहम ने बताया कि 'फोर्स' उनके लिए हमेशा से एक खास फ्रैंचाइजी रही है। उन्होंने कहा कि इस बार फिल्म को और बड़े पैमाने पर बनाया जा रहा है और हर्षवर्धन राणे जैसे टैलेंटेड एक्टर को एक्शन हीरो के रूप में पेश करने का मौका मिलना उनके लिए खुशी की बात है।

निर्माता शील कुमार ने भी जॉन के साथ लंबे सहयोग का जिक्र करते हुए कहा कि यह फिल्म भरोसे और साझा विजन का नतीजा है। निर्देशक भाव धुलिया ने स्क्रिप्ट पढ़ते ही फिल्म पर फिदा होने की बात कही और अब इसे स्क्रीन पर लाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

हर्षवर्धन राणे ने इस बड़े प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने पर उत्साह जताया और जॉन अब्राहम जैसे दिग्गज के साथ काम करने को सम्मान बताया। तान्या मानिकतला भी एक्शन फ्रैंचाइजी में अपनी भूमिका को लेकर काफी एक्साइटेड नजर आ रही हैं।

रिलीज अपडेट

'फोर्स 3' का निर्माण जॉन अब्राहम की JA Entertainment और शील कुमार की Karolina Corporation के बैनर तले हो रहा है। फिल्म 19 मार्च 2027 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

एक्शन प्रेमी अब से ही इस धमाकेदार एंट्री का इंतजार करने लगे हैं। क्या 'फोर्स 3' फ्रैंचाइजी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा? समय बताएगा।

संबंधित समाचार