बरेली: अशोका फोम की फैक्ट्री में भीषण आग, दो मजदूर जिंदा जले, एक लापता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाम करीब साढ़े छह बजे गोदाम में लगी आग कुछ ही देर में पूरी फैक्ट्री में फैली, 30 फुट तक ऊंची लपटें देखकर मची भगदड़, तीन मजदूर गंभीर रूप से झुलसे, लापता मजदूर की देर रात तक तलाश

बरेली/फरीदपुर, अमृत विचार : शाहजहांपुर हाईवे पर जेड गांव में अशोका फोम की फैक्ट्री में बुधवार शाम करीब 6.30 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ मच गई। आग में घिरे दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक का देर रात तक कोई पता नहीं लग पाया।

आग की चपेट में आकर झुलसे कई मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रात करीब नौ बजे आग बुझने के बाद लापता मजदूरों की तलाश शुरू की गई। अशोका फोम फैक्ट्री में आग की शुरुआत गोदाम से उस वक्त हुई, जब मजदूर काम खत्म करने की तैयारी कर रहे थे। कुछ ही देर में आग पूरी फैक्ट्री में फैल गई और 25-30 फुट ऊंची तक लपटें उठने लगीं।

इस दौरान फैक्ट्री में मौजूद करीब दो सौ मजदूरों में भगदड़ मच गई, लेकिन कुछ मजदूर आग की लपटों में घिर गए। इनमें से दो की मौत हो गई। देर रात उनका शव निकालने के लिए पहले दो जेसीबी और एक क्रेन मौके पर बुलाई गई थीं। एक और मजदूर का कुछ पता नहीं लग पाया। उसे भी तलाश किया जा रहा है। हंसराज, बबलू और जितेंद्र समेत झुलसे तीन मजदूरों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

आग इतनी भीषण थी कि मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासन के अफसरों ने आसपास के इलाके को भी पूरी तरह खाली करा लिया। फरीदपुर की एक, बरेली की तीन और परसाखेड़ा की एक दमकल गाड़ी करीब चार घंटे बाद आग पर काबू पा सकीं। रामपुर बाग निवासी अशोका फोम के मालिक अशोक अग्रवाल का सिविल लाइंस में शोरूम और फरीदपुर के जेड गांव में फैक्ट्री है। यहां फोम के गद्दों समेत कई उत्पाद बनाए जाते हैं।

लापता मजदूरों के परिजनों ने किया हंगामा: फैक्ट्री में पहले आग से एक और फिर देर रात दूसरे मजदूर की मौत की पुष्टि हुई। इस बीच जिन दो मजदूरों का पता नहीं लग पा रहा था, उनके परिवार वालों ने जमकर हंगामा भी किया।

सीएफओ चंद्र मोहन और सीओ फरीदपुर गौरव कुमार के साथ पुलिस-प्रशासन के कई अधिकारी देर रात तक डटे रहे। कई उद्यमी और विधायक संजीव अग्रवाल भी पहुंच गए। पुलिस ने दोनों मजदूरों के शव कब्जे में ले लिए हैं। बृहस्पतिवार को उनका पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

ये भी पढ़ें - बरेली: उद्यमी से बेटे की जान बख्शने को मांगी पांच लाख की रंगदारी

संबंधित समाचार