बरेली: शक में महिला की हत्या कर शव पुआल में डालकर जलाया, अधजले शव को नोचकर खा रहे थे कुत्ते

पुलिस ने आरोपी पति को लिया हिरासत में, शव पोस्टमार्टम को भेजा

बरेली: शक में महिला की हत्या कर शव पुआल में डालकर जलाया, अधजले शव को नोचकर खा रहे थे कुत्ते

बरेली/शाही, अमृत विचार : शाही क्षेत्र में एक और महिला की हत्या कर दी गई। दुनकी गांव में अवैध संबंध के शक में महिला की पत्नी ने हत्या कर दी और उसका शव पुआल में डालकर जला दिया। शव को कुत्तों का झुंड नोच कर खा रहा था तो जानकारी हुई। महिला के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने पति को हिरासत में लिया है।

ग्राम दुनकी निवासी हिम्मत सिंह ने बताया कि उसकी बहन भीमवती (35) की शादी 15 साल पहले खेऊ गौटिया निवासी नेपाल सिंह से हुई थी। कुछ समय बाद उसने भीमवती पर अवैध संबंधों का आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। शनिवार रात नेपाल सिंह ने उनकी बहन के साथ जमकर मारपीट की। उसके बाद उसकी हत्या कर दी।

हत्या करने के बाद कुछ दूरी पर शिव कुमार के खेत में लगे पुआल में उसकी बहन की लाश को डालकर आग लगा दी। हालांकि वह पूरी तरह से जल नहीं पाईं। रविवार की सुबह सड़क से निकल रहे राहगीरों और ग्रामीणों ने लाश को कुत्तों को नोचते देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

खेत में मिले संघर्ष के निशान: घर से लगभग 50 मीटर की दूरी पर खेत में संघर्ष के निशान मिले हैं। सरसों की फसल टूटी हुई मिली है। जिससे साफ होता है कि महिला की हत्या के पहले उसके साथ मारपीट की गई है। महिला को करीब तीन सौ मीटर दूर घसीट कर पुआल में डालकर आग लगा दी गई।

आरोपी हत्या की कहानी में देना चाहता है मोड़: हिरासत में लिए पति का कहना है कि वह रात 8:30 बजे खाना खाकर सो गया था। रात करीब 12 बजे पत्नी के पास सो रहा बच्चा रोने लगा। जिस पर उनकी नींद खुली और उसने देखा कि भीमवती अपने बिस्तर से गायब थीं। रात में ही उसे ढूंढना शुरू कर दिया, लेकिन वह नहीं मिली। सुबह गांव के ही लोगों ने उसकी मौत की सूचना दी।

शाही क्षेत्र में हो चुकी छह महिलाओं की हत्या: शाही क्षेत्र में बीते चार माह में अलग-अलग दिनों में छह महिलाओं की हत्या हो चुकी है। वह सभी अज्ञात में हत्या थीं, लेकिन इस बार आरोप सीधा पति पर लगा है। बता दें कि 23 अगस्त को शाही के ज्वालापुर में 35 साल की वीरवती की लाश ईं के खेत में मिली। 10 अगस्त को शाही के मुबारिकपुर गांव की 50 साल की शांति का शव फतेहगंज क्षेत्र के पनवडिया गांव के जंगल में मिला।

इस घटना में महिला का बेटा गिरफ्तार किया गया। जबकि, 22 जुलाई को शाही क्षेत्र के खजूरिया गांव में 40 साल की कुसमा की लाश जंगल में मिली। इस घटना में आरोपी को गिरफ्तार किया गया। 30 जून को शाही क्षेत्र के आनंदपुर में 50 साल की प्रेमवती की हत्या। महिला जंगल में चारा लेने गई थी। 17 जून को शाही क्षेत्र के कुल्छा गांव में 42 साल की धनवती की हत्या की गई। महिला का शव जंगल में मिला।

आरोपी सुबह पांच बजे खेत में गया देखने: पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने रात में हत्या कर शव जलाने के बाद रविवार सुबह करीब पांच बजे खेत में गया। जिसे खेत में और आते समय ग्रामिणों ने देखा। पुलिस का मानना है कि आरोपी खेत में शव देखने गया था की महिला की हत्या के बाद शव पूरी तरह से जल गया या नहीं। ग्रामिणों ने बताया कि सुबह आरोपी पति लौटने के बाद भी किसी से शव दिखने या किसी तरह की कोई बात नहीं बताया।

भाई की तहरीर पर पति के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। प्राथमिक जांच में जो भी साक्ष्य सामने आए हैं, उससे साफ है कि पति ने ही पत्नी की हत्या की है। फिलहाल जांच की जा रही है। -घुले सुशील चंद्रभान, एसएसपी