बाराबंकी : खाद्यान्न लाभांश बढ़ाने की मांग पर कोटेदारों का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। कोटेदारों ने शासन से खाद्यान्न एवं चीनी पर मिलने वाला लाभांश बढ़ाने और न्यूनतम इंसेंटिव गारंटी लागू करने की मांग तेज कर दी है। इसी क्रम में ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश की ओर से शुक्रवार को धरना-प्रदर्शन कर जिला पूर्ति अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित मांग पत्र सौंपा गया।

संगठन के जिलाध्यक्ष विजय पाल गौतम ने कहा कि कोटेदार लंबे समय से ईमानदारी के साथ राशन वितरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं, लेकिन वर्तमान में मिलने वाला लाभांश उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप नहीं है। इससे उनका भरण-पोषण कठिन होता जा रहा है।

संगठन ने पत्र में बताया कि कोटेदार प्रधानमंत्री अन्न योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम और मुख्यमंत्री निःशुल्क खाद्यान्न योजना के तहत नियमित राशन वितरण के साथ-साथ आधार सत्यापन, ई-केवाईसी, किसान फॉर्म भरने और विभिन्न सर्वेक्षणों में भी प्रशासन को सहयोग दे रहे हैं।

कोटेदारों का कहना है कि वर्तमान में प्रति कुंतल मात्र 90 रुपये मार्जिन अत्यंत कम है, जबकि बढ़ती महंगाई को देखते हुए अन्य राज्यों के मुकाबले लाभांश काफी कम मिलता है। संगठन ने खाद्यान्न पर मिलने वाला लाभांश बढ़ाने और प्रति माह न्यूनतम इंसेंटिव गारंटी लागू करने की मांग की है, ताकि उनका आर्थिक संतुलन बना रहे।

मांग पत्र में चेतावनी दी गई कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो 28 जनवरी 2026 से अनिश्चितकालीन धरना और विधानसभा घेराव किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

संबंधित समाचार