गोवा नाइट क्लब हादसा : जल्द भारत आएंगे लूथरा बंधु, थाईलैंड के अधिकारियों ने शुरू की वापस भेजने की प्रक्रिया
नई दिल्ली/पणजी। थाईलैंड के अधिकारी गोवा के उस नाइट क्लब के सह-मालिक गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा को निर्वासित करने की प्रक्रिया शुरू कर रहे हैं, जहां छह दिसंबर को आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई थी। आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बैंकॉक स्थित भारतीय दूतावास इस मामले में थाईलैंड के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है। सूत्रों ने बताया कि दूतावास के हस्तक्षेप के बाद सौरभ और गौरव लूथरा को थाई अधिकारियों ने फुकेत में हिरासत में ले लिया है।
उन्होंने बताया, ‘‘थाईलैंड के अधिकारी फिलहाल स्थानीय कानूनों के अनुसार कार्रवाई कर रहे हैं, जिसमें दोनों को भारत वापस भेजना भी शामिल है।’’ उत्तरी गोवा के ‘बर्च बाय रोमियो लेन’नाइटक्लब के सह-मालिक गौरव और सौरभ लूथरा आग लगने की घटना के तुरंत बाद थाईलैंड के फुकेत भाग गए।
उनके खिलाफ इंटरपोल का ‘ब्लू कॉर्नर’ नोटिस जारी किया गया है। दिल्ली की एक अदालत ने बुधवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तारी से अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया, जबकि उनके साझेदार को आगजनी की घटना के सिलसिले में हिरासत में लिया गया।
अदालत में, गौरव और सौरभ लूथरा के वकील ने उनके भाग जाने के आरोपों का खंडन करते हुए दावा किया कि यह यात्रा एक व्यावसायिक बैठक के लिए थी, और तर्क दिया कि दोनों भाई केवल लाइसेंसधारी हैं, न कि नाइटक्लब के वास्तविक मालिक। इस बीच, गोवा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि राज्य पुलिस, लूथरा बंधुओं के प्रत्यर्पण के लिए केंद्रीय एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में है।
उन्होंने बताया कि अबतक मामले में 50 लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं और अदालत ने मामले में आरोपी भरत कोहली की पुलिस हिरासत शुक्रवार को छह दिनों के लिए और बढ़ा दी है। पणजी से 25 किलोमीटर दूर अरपोरा स्थित नाइटक्लब में छह दिसंबर की रात लगी आग के सिलसिले में गोवा पुलिस ने पहले ही पांच प्रबंधकों और कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया है।
