UP : बिजली बिल माफ करने की गुहार लिख बुजुर्ग ने दी जान, पुवायां क्षेत्र में पेड़ से लटका मिला शव
पुवायां, अमृत विचार। पुवायां थाना क्षेत्र के गांव नाहिल में बुधवार को एक बुजुर्ग का शव मकान के सामने पाकड़ के पेड़ से फंदे पर लटका मिला। मृतक की जेब से मुख्यमंत्री को संबोधित एक पत्र बरामद हुआ है, जिसमें बिजली का बिल माफ करने की गुहार लगाई गई है और निजी कर्ज का भी उल्लेख किया गया है। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
मृतक की पहचान गांव नाहिल निवासी 65 वर्षीय कामेंद्र विक्रम सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार बुधवार सुबह कामेंद्र विक्रम सिंह का व्यवहार सामान्य था। उन्होंने रोज की तरह पशुओं को चारा डाला, दूध दुहा और चाय पीने के बाद घर से बाहर चले गए। कुछ देर बाद आसपास के लोगों ने घर के पास पाकड़ के पेड़ से उनका शव लटकता देखा, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान मृतक की जेब से मुख्यमंत्री को संबोधित एक पत्र मिला। पत्र में कामेंद्र विक्रम सिंह ने बिजली का बिल माफ करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने यह भी लिखा है कि उन पर निजी कर्ज है और उनके बच्चों को परेशान न किया जाए। हालांकि पत्र में आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम पुवायां चित्रा निर्वाल और सीओ पुवायां प्रवीण मलिक भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली।
परिजन भी आत्महत्या के पीछे के कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के छोटे पुत्र अच्युत विक्रम सिंह ने बताया कि उनके पिता पिछले दो-तीन महीनों से परेशान रहते थे, लेकिन पूछने पर भी परेशानी का कारण नहीं बताते थे। उन्होंने बताया कि पिता के पास लगभग दो एकड़ भूमि थी, जिसे बंटाई पर दिया हुआ था और वह घर पर रहकर एक भैंस की देखभाल करते थे।
परिजनों के अनुसार बिजली का बिल लगभग 32 हजार रुपये था। योजना का लाभ लेने के लिए जानकारी की गई थी, जिसमें 17-17 हजार रुपये की किश्तों में भुगतान की बात कही गई थी, लेकिन ओटीएस योजना का लाभ नहीं लिया जा सका। एसडीएम पुवायां चित्रा निर्वाल ने बताया कि सुसाइड नोट की जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंची थीं। पत्र में बिजली बिल माफ करने और निजी कर्ज की बात लिखी गई है। वहीं सीओ पुवायां प्रवीण मलिक ने बताया कि बुजुर्ग के पास से मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र मिला है, जिसमें बिजली बिल और निजी कर्ज का उल्लेख है। परिजनों की ओर से किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
