लखनऊ में ANM का स्वास्थ्य भवन पर प्रदर्शन, स्थायीकरण और वेतन वृद्धि की उठाई मांग

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत बड़ी संख्या में संविदा एएनएम ने मंगलवार को परिवर्तन चौक से स्वास्थ्य भवन तक जुलूस निकालकर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने स्थायीकरण, वेतन और मानदेय में बढ़ोतरी की मांग की।

स्वास्थ्य भवन के गेट पर उप्र. एनएचएम एएनएम कर्मचारी यूनियन की कार्यवाहक अध्यक्ष रूबीना ने कहा कि एएनएम केवल मातृ शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और परिवार कल्याण योजनाओं का आधार नहीं हैं, बल्कि कोरोना महामारी और अन्य संक्रामक रोगों के रोकथाम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही हैं।

यूनियन की ओर से पूजा यादव ने कहा कि संविदा एएनएम सेवायोजना की तिथि से ही स्थायीकरण की हकदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड, राजस्थान और मध्य प्रदेश में ऐसे संविदा कर्मचारियों का स्थायीकरण हो चुका है, लेकिन उत्तर प्रदेश में कोई कदम नहीं उठाया जा रहा। कार्यक्रम में राज्य संगठन सचिव कमला गौतम समेत अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रदर्शन के दौरान जुलूस के चलते कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

संबंधित समाचार