पूर्व सांसद अतुल राय के काफिले की पुलिस ने ली तलाशी, सत्तापक्ष पर लगाया उत्पीड़न का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में पूर्व सांसद अतुल राय के काफिले को शहर कोतवाली पुलिस द्वारा रोके जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने उनके काफिले में शामिल गाड़ियों की सघन तलाशी ली। इस कार्रवाई को लेकर अतुल राय ने सत्तापक्ष पर निशाना साधते हुए इसे जानबूझकर परेशान करने की कोशिश बताया है। 

अतुल राय ने कहा कि एक कार्यक्रम के दौरान अचानक पुलिस ने उनकी गाड़ियों की जांच की और धारा 144 लागू होने का हवाला दिया, लेकिन इसकी स्पष्ट वजह नहीं बताई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि दो दिन पहले एक स्थानीय मंत्री 25 गाड़ियों के काफिले के साथ निकले थे, जिन्हें नहीं रोका गया। राय ने कहा कि वह धारा 144 (बीएनएस-163) का पालन करते हुए केवल चार गाड़ियों के साथ निकले थे, फिर भी प्रशासन की कार्रवाई अनुचित रही। 

सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि घोसी क्षेत्र की जनता उनका परिवार है और उनसे मिलने से कोई नहीं रोक सकता। जरूरत पड़ी तो वह पैदल यात्रा भी करेंगे। उन्होंने कहा कि वे कानून का सम्मान करते हैं, लेकिन कानून के नाम पर राजनीतिक दबाव स्वीकार नहीं करेंगे। वहीं प्रशासन ने कार्रवाई को सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने से जुड़ा कदम बताया है। 

संबंधित समाचार