दूषित पानी और सीवर को लेकर सदन में हुआ जमकर हंगामा, भाजपा सहित विपक्षी दलों के पार्षदों ने जलकल और सुएज इंडिया को घेरा

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

पार्षदों की शिकायत पर 3 फरवरी को महापौर को बैठक में देना होगा जवाब

लखनऊ, अमृत विचार : नगर निगम के सामान्य सदन की मंगलवार को बैठक शुरू होते ही हंगामा हो गया। सत्ता पक्ष से लेकर विपक्षी दलों के पार्षदों ने दूषित पानी और सीवर लीकेज की समस्या को लेकर अधिकारियों को घेरा। महापौर की अनुमति के बाद दोनों मुद्दों पर सदन में चर्चा शुरू हो गई। सभी पार्षदों को एक-एक कर अपने वार्ड की समस्या बताने को कहा गया।

पार्षदों ने आरोप लगाया कि जलकल विभाग की ओर से दूषित पानी की समस्या पर फर्जी निस्तारण किया जा रहा है। जबकि सीवर लीकेज के मामले में सुएज इंडिया केवल खानापूर्ति कर रही है। इस दौरान सीवर लाइन को लेकर सदन में जल निगम के अफसरों को भी बुलाया गया था। लेकिन जल निगम के अधिशासी अभियंता लंच होते ही चले गए। जिस पर महापौर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए नगर आयुक्त गौरव कुमार को 3 फरवरी को होने वाली बैठक में मुख्य अभियंता को बुलाने की बात कही। पार्षदों की शिकायत पर 3 फरवरी को बैठक में महापौर सभी अधिकारियों से जवाब मांगेंगी।

दूषित जल और सीवर लीकेज पर बिफरे भाजपा पार्षद

सदन में बहस के दौरान भारतेंदु हरिशचंद वार्ड से भाजपा पार्षद मान सिंह यादव जलकल के अफसरों पर बिफर पड़े। उन्होंने आरोप लगाया कि वार्ड में हर तरफ सीवर लीकेज की समस्या है। लेकिन जलकल और सुएज इंडिया के अधिकारी फर्जी रिपोर्ट लगाकर खानापूर्ति कर रहे हैं। इस मुद्दे पर महापौर ने अफसरों की जमकर क्लास लगाई। उन्होंने निर्देश दिया कि मौके पर खुद जलकल जीएम कुलदीप सिंह जाकर निरीक्षण करेंगे और पूरी रिपोर्ट उन्हें सौंपेंगे। बाबू जगजीवन राम वार्ड से भाजपा पार्षद भृगुनाथ शुक्ला ने कहा कि इंदिरा नगर में सन 1980 में पाइपलाइन डाली गई थी। अब वह जर्जर हो गई है। ऐसे में समस्या बढ़ गई है। हम 10 मीटर, 5 0 मीटर पाइप लाइन डाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि शासन से पैसा दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर इसे सही नहीं किया गया तो किसी दिन बड़ी घटना होगी। संबंधित कंपनी को टाइट किया जाए। भाजपा पार्षद अरुण तिवारी ने कहा कि सुएज कंपनी से 2019 में जो अनुबंध हुआ है उसकी समीक्षा दोबारा की जानी चाहिए। भाजपा पार्षद राजीव बाजपेई ने कहा कि उनके क्षेत्र में कई जगहों पर टूटी पाइप लाइन और सीवर की समस्या है। कोई सुन नहीं रहा है। ऐसे में क्या किया जाएगा। वहीं सपा पार्षद राम नरेश चौरसिया ने कहा कि मेरे इलाके में 30 साल से सीवर बह रहा है। भाजपा पार्षद राजीव दीक्षित ने कहा कि राजेंद्र नगर में पानी की टंकी खुली है, इससे खतरा है। बड़ी दुर्घटना हो सकती है। इसी तरह करीब 63 पार्षदों ने समस्याओं से महापौर को अवगत कराया।

सामान्य सदन बुलाए जाने को लेकर हुई बहस

नगर निगम के सपा पार्षद यावर हुसैन रेशू और कांग्रेस पार्षद मुकेश सिंह चौहान ने महापौर से पूछा कि सामान्य सदन क्यों बुलाया गया है। पुनरीक्षित बजट की पुष्टि के लिए बैठक पहले क्यों नहीं बुलाई गयी। इस पर अपर नगर आयुक्त ललित कुमार ने जवाब दिया कि पुनरीक्षित बजट की पहले से मंजूरी लेनी होती है, इसलिए सामान्य बजट किया गया है। इस पर महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि सदन की बैठक के लिए सदन के सभी विपक्षी नेताओं को प्रस्ताव भेजा था। इसे लेकर किसी भी पक्ष से कोई विरोध नहीं आया, जिसके बाद सामान्य सदन की बैठक बुलाई गई। सपा पार्षद यावर हुसैन रेशु ने कहा कि क्या यह जायज है कि पुनरीक्षित बजट से पहले सामान्य सदन की बैठक हो रही है। इस पर भाजपा पार्षद अनुराग मिश्रा, प्रमोद सिंह राजन, सुशील तिवारी पम्मी, रंजीत सिंह राकेश राठौड़ महापौर के पक्ष में खड़े हो गए।

डूडा के फर्जीवाड़े पर ने खड़े किए सवाल

महापौर ने सदन की बैठक शुरू होते ही डूडा से जुड़े एक फर्जीवाड़े पर चर्चा शुरू की।उनका आरोप है कि डूडा के अफसरों ने पीएम स्वनिधि योजना की रकम किसी बाहरी शख्स को दी है। जबकि सही हकदार मौके पर नहीं था। इस फर्जीवाड़े के जवाब के लिए डूडा के अफसरों को सदन में बुलाया गया था। अपर मजिस्ट्रेट प्रथम सीके त्रिपाठी के पास डूडा का चार्ज है। इन्होंने महापौर के आरोप पर कहा कि जिस व्यक्ति को रकम का चेक दिया गया है उस दिन उसका भाई आया था। वह व्यक्ति नहीं आ पाया था। उन्होंने कहा कि इसमें डूडा की भूमिका के अतिरिक्त बैंक लोन सेंशन करता है। इस मुद्दे पर पार्षद अरुण राय ने कहा कि, डूडा से संबंधित भ्रष्टाचार का दूसरा प्रकरण सदन के सामने रखना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि, उनके वार्ड में डूडा कॉलोनी है। उसमें जांच कर पूरी पात्रता के साथ में चयन हुआ था। लेकिन उस पर दूसरे को कब्जा दे दिया गया। पात्रता वाले व्यक्ति को वहां से हटा दिया गया, जबकि उसका नाम वहां पर है। एक मकान के चार कागज तैयार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हमारे यहां एक व्यक्ति मनीष नाम का है। उसे डूडा का मकान अलॉट हुआ था, जबकि उसके बजाए एक दूसरे परिवार से डेढ़ लाख रुपए की घूस लेकर मकान आवंटन कर दिया गया। बहस के बीच महापौर ने कहा कि 3 फरवरी को डूडा के अधिकारी नगर निगम में आएंगे। उनसे पार्षद अपनी शिकायत करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि डूडा से होने वाले काम का महापौर और पार्षद को बुलाकर किया जाना चाहिए।

भाजपा पार्षद ने रोते हुए सदन को बीच में छोड़ा

सदन में बहस के दौरान भाजपा पार्षद अमित चौधरी भावुक हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि वार्ड में दूषित पानी और सीवर लीकेज की समस्या है। लेकिन महापौर ने शिकायत को अनसुना कर दिया गया।महापौर ने कहा कि आप एक मिनट बाद बोलिएगा। इसपर अमित ने कहा कि ये पार्षद का कार्ड क्यों मिला है। इसके बाद अमित बोलने के लिए खड़े हुए तो भाजपा पार्षद सीबी सिंह बोलने लगे। इसके बाद महापौर के ओएसडी पर गंभीर आरोप लगाते हुए सदन को बीच में ही छोड़कर चले गए। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी-विक्रमादित्य वार्ड को महापौर के ओएसडी संचालित कर रहे हैं।

बिना आईडी हाउस टैक्स असेसमेंट नहीं कर सकेंगे कर्मचारी

सदन की बैठक में महापौर को कई वार्डों के पार्षदों से शिकायत मिली कि हाउस टैक्स असेसमेंट में प्राइवेट लोग कॉलोनियों में जा रहे हैं। यह प्राइवेट लोग भवन स्वामियों को धमका कर मनमर्जी टैक्स असेसमेंट कर रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर महापौर ने सभी जोनल अफसरों को निर्देशित किया कि अब कोई भी टैक्स से जुड़ा कर्मचारी आई कार्ड के बिना भवनों का असेसमेंट करने नहीं जाएगा। अगर आई कार्ड नहीं होता है तो वह सीधे महापौर और नगर आयुक्त कार्यालय में शिकायत कर सकता है।

चौक के अतिक्रमण का उठा मामला

सदन की बैठक में पार्षद अनुराग मिश्रा अन्नू ने चौक इलाके में फैले अतिक्रमण के मुद्दे को उठाया। उन्होंने कहा कि चौक ऐतिहासिक स्थल है। वहां देश दुनिया से लोग घूमने आते हैं। लेकिन सड़क पर चलना तक मुश्किल हो गया है। सड़क के हर तरफ अतिक्रमण फैला है। इस मुद्दे पर महापौर की ओर से जल्द समस्या के निस्तारण का आश्वासन दिया है। पार्षद सीबी सिंह ने आरोप लगाया कि विकास कार्य से जुड़ी कोई भी फाइल जोन से गायब हो जाती है। इस पर महापौर ने पटल पर चीफ इंजीनियर को बुलाकर जवाब तलब किया।

महिला पार्षद ने जलभराव का लहराया पोस्टर

सपा पार्षद आशा रावत ने अपने क्षेत्र के कांशीराम कॉलोनी की जमीन पर जलभराव होने पर पोस्टर निकाल कर सदन के बीच में लहरा दिया। इस दौरान उन्होंने लिखा जनता त्रस्त मेयर मस्त। इस पर महापौर ने कहा कि नाटक मत करिए। इस दौरान सदन में जमकर गतिरोध हुआ है।

पिंक टॉयलेट पर उठे सवाल

भाजपा पार्षद सौरभ सिंह मोनू ने पिंक टॉइलेट की बदहाली का मुद्दा उठाया। इसपर पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान ने बयान दिया। मेयर और पर्यावरण अभियंता के बीच में तकरार हुई है। मेयर ने कहा कि जब टेंडर में कहा गया कि जो चल रहे हैं। उन्हें नहीं छोड़ा जाएगा तो फिर क्यों पिंक टॉइलेट आवंटियों को नोटिस दिया जा रहा है।

हाउस टैक्स और चौक चौराहे के नाम को लेकर हंगामा

कांग्रेस पार्षद मुकेश सिंह चौहान ने सदन में आरोप लगाया कि भाजपा पार्षद ने फर्जीवाड़ा कर अपने ही वरिष्ठ नेता के नाम का चौराहे का नाम बदल दिया। उनके इस बयान के बाद सदन में हंगामा हो गया। पार्षद अनुराग मिश्रा ने उन्हें चुनौती दी कि मौके पर जाकर और सभी दस्तावेज को देखने के बाद ही किसी तरह का आरोप लगाया जाए। इसके बाद तो सदन में जमकर हंगामा मच गया। हंगामा इतना ज्यादा बढ़ गया कि महापौर को सदन की बैठक कुछ देर के लिए स्थगित करनी पड़ी। 10 मिनट बाद सदन की दोबारा बैठक शुरू होने पर कांग्रेस पार्षद ने जोन सात के टैक्स इंस्पेक्टर पंकज पटेल पर उगाही का गंभीर आरोप लगाया। उनका आरोप है कि टैक्स इंस्पेक्टर मनमर्जी से किसी भी भवन का असेसमेंट और ब्याज माफ कर रहा है। कांग्रेस पार्षद दल की नेता ममता चौधरी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता के नामकरण को लेकर चौराहे के मुद्दे से किनारा कर लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्षद मुकेश चौहान के नामकरण विवाद से पार्टी का कोई लेना देना नहीं है। यह उनका निजी बयान है।

नगर निगम डिग्री कॉलेज में भर्ती को लेकर पार्षदों से सवाल खड़े किए

सुरेंद्र नगर स्थित नगर निगम डिग्री कॉलेज में एक प्रोफेसर की भर्ती को लेकर भाजपा पार्षद अरुण राय और सौरव सिंह मोनू ने सवाल खड़े किए। पार्षद सौरव सिंह मोनू का आरोप है कि प्रिंसिपल ने प्रोफेसर की भर्ती नियमों के विपरीत की है। इस मुद्दे को लेकर महापौर ने सदन के पटल पर अपर नगर आयुक्त अरुण गुप्त से सवाल किये। महापौर ने पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

नगरीय परिवहन बनेगा हरित-आधुनिक: मुख्य सचिव की बैठक में बड़े फैसले वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों की खरीद को सैद्धांतिक मंजूरी
बैंक कर्मियों की हड़ताल से 100 करोड़ का लेनदेन प्रभावित, पांच दिवसीय साप्ताहिक कार्य दिवस लागू करने की मांग
जननी सुरक्षा योजना का भुगतान अब और उलझा: नई गाइडलाइन से बदली प्रक्रिया, प्रसूताओं को मिलने वाली राशि में बढ़ी देरी
बोगस फर्मों से करोड़ों की GST चोरी करने वाले तीन गिरफ्तार, STF ने अंतरराज्यी गिरोह का किया खुलासा, पूछताछ में उगले कई राज 
लखनऊ की सड़कों पर दौड़ी विरासत, 100 वर्ष पुरानी विंटेज मोटरसाइकिलों की भव्य रैली ने बिखेरा देशभक्ति का रंग