देश से धोखा ....राज्यसभा में मोदी-ट्रंप की बातचीत पर कांग्रेस का प्रहार, विपक्ष के व्यवहार को नड्डा ने बताया गैर जिम्मेदाराना 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

दिल्ली। राज्यसभा में मंगलवार को कांग्रेस ने भारत और अमेरिका के बीच समझौता होने की बात सोशल मीडिया में आने और इस बारे में संसद को अवगत नहीं कराये जाने का मुद्दा उठाया जबकि सदन के नेता जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर बयान देगी तथा विपक्ष को गैर जिम्मेदाराना व्यवहार नहीं करना चाहिए। 

उच्च सदन में आज प्रश्नकाल शुरू होते ही कांग्रेस के मुख्य सचेतक जयराम रमेश सहित पार्टी के कई सदस्यों ने अपने स्थानों पर खड़े होकर आसन का ध्यान भारत एवं अमेरिका के बीच हुए समझौते की ओर दिलाते हुए कहा, ''यह क्या हो रहा है, हमें इसकी जानकारी सोशल मीडिया से मिल रही है...ये देश के साथ धोखा हो रहा है।'' 

इस पर सदन के नेता नड्डा ने आसन की अनुमति से कहा कि कल रात अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देर रात एक ट्वीट कर कहा कि उन्होंने भारत पर लगाये जा रहे शुल्क (टैरिफ) को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अवगत कराया और उन्होंने प्रधानमंत्री को एक सच्चा दोस्त भी बताया। सदन के नेता ने कहा कि इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने भी एक ट्वीट कर भारत की ओर से शुक्रिया कहा। 

नड्डा ने कहा कि उन्होंने उस ट्वीट में भारत और अमेरिका के बीच व्यापार को लेकर विस्तार से चर्चा की है। नड्डा ने कहा, ''मुझे विपक्ष की हताशा स्पष्ट रूप से दिख रही है क्योंकि अच्छाई में भी बुराई देखने का उनका एक तरीका, एक नजरिया बन गया है।''

उन्होंने कहा कि वह सरकार की तरफ से आश्वासन दे रहे हैं कि इस व्यापार समझौते और उसके एक एक बारीक विवरण के बारे में सदन में एक बयान दिया जाएगा तथा संबंधित मंत्री उसके बारे में चर्चा करेंगे। नड्डा ने कहा कि सरकार जल्द ही अपनी तरफ से बयान देने और इस के विवरणों पर चर्चा करने को तैयार है। उन्होंने अपने स्थान पर खड़े होकर शोरगुल कर रहे विपक्षी सदस्यों की ओर इशारा करते हुए कहा, ''इनका यह व्यवहार बहुत ही गैर जिम्मेदाराना है। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस एव 'इंडिया' गठबंधन का रवैया गैर जिम्मेदाराना है।'' नड्डा ने कहा कि ट्रंप ने कल देर रात जो ट्वीट किया है उससे वे सभी बातें गलत साबित हुई हैं जो विपक्ष कहता आ रहा था। इसके बाद कांग्रेस सहित कई विपक्षी दलों के सदस्य सदन से वाक आउट कर गये। नड्डा ने कहा कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन का व्यवहार 'निदंनीय' है और इससे लगता है कि न तो वह देश के विकास में रुचि रखते हैं और न ही उनकी रुचि इस बात में है कि देश का व्यापार आगे बढ़े। 

सदन के नेता ने कहा कि विपक्ष का उद्देश्य हर बात में राजनीति करने का है जिसका प्रत्यक्ष प्रमाण अभी देखने को मिला। उन्होंने कहा, ''पहले ये (विपक्ष) यह कहते रहे कि ट्रंप का जवाब दीजिए। 50 प्रतिशत टैरिफ लग गया, भारत क्या कर रहा है।'' नड्डा ने कहा, ''अब राष्ट्रपति ट्रंप ने स्वयं अपनी तरफ से ट्वीट कर कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी के सच्चे दोस्त हैं तथा वह एक मजबूत नेता हैं, उनकी तरह। 

उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है। प्रधानमंत्री ने उसका जवाब देते हुए उनका धन्यवाद दिया।'' उन्होंने कहा कि सरकार ने विपक्ष के कहने पर वीबी जी रामजी विधेयक, मतदाता सूची का गहन विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) समेत तमाम मुद्दों पर चर्चा की।

 ''बताइये, हमने कब चर्चा नहीं की?'' नड्डा ने कहा कि विपक्ष देश में यह कहकर एक वातावरण बनाने का प्रयास कर रहा है कि सरकार कुछ छिपा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के पास मुद्दे ही नहीं बचे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह विपक्ष का 'राष्ट्र विरोधी' व्यवहार है। 

संबंधित समाचार