शायर मुनव्वर राना की बेटी हिबा को पति ने दिया तीन तलाक... पुलिस कर रही जांच, दहेज के लिए किया प्रताड़ित
लखनऊ, अमृत विचार : मशहूर शायर मुनव्वर राना की बेटी हिबा राना को उनके पति ने तीन तलाक दे दिया। आरोप है कि पति और ससुराल वालों ने दहेज में 20 लाख रुपये और फ्लैट की मांग की। मांग पूरी न होने पर हिबा को लगातार प्रताड़ित किया गया। पीड़िता की तहरीर पर सआदतगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सआदतगंज निवासी हिबा राना के अनुसार 19 दिसंबर 2013 को उनका निकाह करीमगंज निवासी सैय्यद मो. साकिब से हुआ था। निकाह के समय उनके पिता ने दहेज में लाखों रुपये के आभूषण और दस लाख रुपये नकद दिए थे। इसके बावजूद आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष दहेज में 20 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग करने लगे। विरोध करने पर पति और ससुर द्वारा मारपीट और मानसिक प्रताड़ना दी जाती थी।
हिबा ने बताया कि मामले की जानकारी होने पर पिता ने आरोपियों की मांग पूरी कर दी थी। इसके बाद भी 9 अप्रैल 2025 को एक बार फिर पति और ससुर ने दहेज में तीन लाख रुपये और फ्लैट की मांग की। असमर्थता जताने पर पति मो. साकिब और ससुर हसीब ने जान से मारने का प्रयास किया। किसी तरह उन्होंने अपनी जान बचाई।
हिबा ने बताया कि जब उनकी बहन आर्शिया ससुराल मिलने पहुंची तो आरोपी ने उसके साथ भी गाली-गलौज की। इसके बाद पति ने तीन तलाक देकर हिबा और उसकी बहन को धक्का देकर घर से बाहर निकाल दिया। इंस्पेक्टर संतोष आर्य के मुताबिक मीडिएशन की प्रक्रिया विफल होने के बाद एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।
