फतेहपुर : दोस्त की मौत से आहत किशोर ने फंदा लगाकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में दोस्ती की एक मार्मिक घटना सामने आई है, जहां एक छात्र ने अपने करीबी दोस्त की सड़क हादसे में मौत का सदमा न सह पाने पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि खखरेरू थाना क्षेत्र में बुधवार को सरस्वती ज्ञान मंदिर के छात्र आयुष पुत्र गौरी शंकर की उस समय मौत हो गई थी, जब वह साइकिल से स्कूल जा रहा था और एक स्कूली बस की चपेट में आ गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।

उन्होने बताया कि आयुष का करीबी मित्र मोहम्मद हमजा अपने दोस्त की मौत से गहरे सदमे में था। वह इस दुख को सहन नहीं कर सका और बीती रात उसने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार सुबह जब परिजन उसे स्कूल के लिए जगाने पहुंचे तो वह घर के भीतर फंदे पर लटका मिला, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। 

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस महानिरीक्षक प्रयागराज रेंज अजय मिश्रा के निर्देश पर छात्र मोहम्मद हमजा के शव का भी पोस्टमार्टम कराया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आयुष और मोहम्मद हमजा के बीच गहरी मित्रता थी और दोनों साथ ही स्कूल आते-जाते थे। उनकी दोस्ती की मिसाल दी जाती थी, लेकिन किसी को यह अंदेशा नहीं था कि एक की मौत का सदमा दूसरा भी बर्दाश्त नहीं कर पाएगा।

संबंधित समाचार