बाराबंकी : पुल से नहर में कूदी महिला, इंस्पेक्टर की तत्परता से बची जान
देवा/बाराबंकी, अमृत विचार। मंगलवार की रात्रि लगभग 8 बजे देवा कुर्सी मार्ग पर स्थित नहर के पुल से एक महिला द्वारा नहर में छलांग लगाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से महिला को नहर से सुरक्षित बाहर निकलवाया।इसके बाद महिला को अपनी सरकारी वाहन से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवा भेजा गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया गया।

इलाज के बाद महिला की हालत सामान्य बताई गई उपचार के पश्चात महिला से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना नाम पूनम पत्नी गुरुसेवक, निवासी हृदयपुर मजरा दौलतपुर, थाना मोहम्मदपुर खाला, जनपद बाराबंकी बताया। पुलिस द्वारा महिला के परिजनों को घटना की सूचना दी गई।
परिजनों द्वारा देर रात दूरी अधिक होने एवं आवागमन के साधन उपलब्ध न होने की बात बताए जाने पर उपनिरीक्षक सुमित कुमार वर्मा, महिला आरक्षी शीतल सिंह, महिला आरक्षी नीता तोमर, कांस्टेबल अतुल कुमार द्वारा महिला को सुरक्षित थाना मोहम्मदपुर खाला ले जाकर परिजनों के सुपुर्द किया गया। इस पूरे घटनाक्रम में इंस्पेक्टर अजय कुमार त्रिपाठी सहित पुलिस टीम की तत्परता, साहस और मानवीय संवेदना की क्षेत्र में सराहना की जा रही है, जिनकी वजह से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
