ईरान की सख्त चेतावनी: अमेरिका ने नाकेबंदी जारी रखी तो फिर बंद होगा Strait of Hormuz
तेहरानः ईरान ने शनिवार को चेतावनी दी कि यदि अमेरिका ने उसके बंदरगाहों की नौसैनिक नाकेबंदी जारी रखी तो वह एक बार फिर होर्मुज जलडमरूमध्य बंद कर देगा। ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गालिबाफ ने 'एक्स' पर कहा कि इस जलडमरूमध्य से होकर गुजरने वाले यातायात का संचालन ईरान की अनुमति से ही किया जायेगा।
ईरान की यह चेतावनी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के उस बयान के कुछ घंटों बाद आयी है, जिसमें उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा था कि होर्मुज जलडमरूमध्य 'पूरी तरह से खुला' और व्यापार के लिए तैयार है, लेकिन ईरानी बंदरगाहों की नौसैनिक नाकेबंदी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि ईरान ने भी यह घोषणा की है कि होर्मुज जलडमरूमध्य पूरी तरह से खुला है और पूर्ण आवागमन के लिए तैयार है।
ट्रम्प ने कहा था, ''होर्मुज जलडमरूमध्य पूरी तरह से खुला है और व्यापार एवं पूर्ण आवागमन के लिए तैयार है, लेकिन जहां तक ईरान का संबंध है, नौसैनिक नाकेबंदी तब तक प्रभावी और लागू रहेगी, जब तक ईरान के साथ हमारा लेनदेन शत-प्रतिशत पूरा नहीं हो जाता।''
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की नौसेना ने बयान जारी कर इस जलडमरूमध्य से जहाजों के गुजरने के संबंध में नया आदेश घोषित किया है। आदेश के अनुसार, "नागरिक जहाज केवल ईरान की ओर से निर्धारित मार्ग से ही गुजरेंगे। सैन्य जहाजों के जलडमरूमध्य से गुजरने पर अब भी प्रतिबंध रहेगा। आवाजाही केवल आईआरजीसी नौसेना की अनुमति से ही संभव होगी और कोई भी गतिविधि युद्ध क्षेत्र में 'शांति की अवधि' के समझौते और लेबनानी संघर्ष विराम के कार्यान्वयन के अनुरूप ही होगी।"
