आवारा कुत्तों को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का विरोध, पशु प्रेमियों ने महानगर में किया शांतिपूर्ण प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : कुत्तों को लेकर सुप्रीम कोर्ट के हालिया निर्देशों के विरोध में पशु प्रेमियों और पशु अधिकार कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को महानगर क्षेत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन में आसरा द हेल्पिंग हैंड्स, पॉसम फाउंडेशन सहित कई पशु कल्याण संस्थाओं के सदस्य शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कुत्तों को सार्वजनिक स्थानों से हटाकर पाउंड और शेल्टर में रखने के निर्देशों पर कड़ी आपत्ति जताई।

प्रदर्शन में शामिल विशाखा चटर्जी, राहुल वर्मा, अलवीना, पूर्णा खरे, चारु खरे और अनु बोस ने बताया कि इस विषय पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई अभी जारी है। उनका कहना था कि कुत्तों को पाउंड में बंद करना न तो व्यावहारिक है, न ही वैज्ञानिक और न ही मानवीय समाधान है। इससे समस्या सुलझने के बजाय और अधिक जटिल हो सकती है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पाउंड और शेल्टर व्यवस्था न तो कुत्तों की बढ़ती आबादी को नियंत्रित कर सकती है और न ही आम जनता की सुरक्षा का स्थायी उपाय है। उन्होंने सरकार से एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) नियमों को सख्ती से लागू करने की मांग की, जिसे वे कानूनी और वैज्ञानिक रूप से प्रभावी मानते हैं।

संबंधित समाचार