कानपुर : वाहन चलाने में जरा सी लापरवाही किसी का परिवार उजाड़ देगी, यातायात नियमों का पालन करना अपनी आदत में करें शुमार
कानपुर, अमृत विचार। वाहन चलाते समय दुर्घटना से देर भली, इसको दिमाग में बिठाकर यातायात नियमों का पालन करें क्योंकि आपकी जरा सी लापरवाही किसी का परिवार उजाड़ सकती है और आपको भी खतरा हो सकता है। शुक्रवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार, छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय,में सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत उच्च शिक्षण संस्थानों में युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से भाषण प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक व लघु नाटिका एवं रील निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस दौरान संभागीय अधिकारी कानपुर नगर राहुल श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में लोगों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए लोगों को हेलमेट लगाने, सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात नहीं करने को कहा। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय सावधान रहें क्योंकि आपकी जरा सी लापरवाही संकट में डाल देगी। उन्होंने लोगों को शपथ दिलाया कि यातायात नियमों का पालन जरुर करेंगे।
इस दौरान नोडल अधिकारी प्रोफेसर अपर्णा सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा सेवलर एक अभियान नहीं बल्कि सतत जागरुकता और सामूहिक जिम्मेदारी का विषय है जिसे अपने व्यवहार में उतारना होगा। सहायक नोडल अधिकारी डॉ. आलोक कुमार पाण्डेय विशेष तौर पर मौजूद रहे। संचालन डॉ. सुमन शुक्ला ने किया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी दीपक ने कहा कि वाहन चलाते समय अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि यदि चालक मानसिक रूप से शांत और संतुलित होगा, तो दुर्घटनाओं की संभावना स्वतः ही कम हो जाएगी। सड़क पर वाहन चलाते समय क्रोध, जल्दबाजी और लापरवाही से बचना चाहिए। इस अवसर पर यातायात नियमों पर आधारित प्रतियोगिताओं में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
