India AI Impact Summit : दिल्ली में Traffic Restrictions लागू, इन रूट्स पर रहेगा डायवर्जन, यात्रियों के लिए एडवाइजरी
दिल्ली। दिल्ली यातायात पुलिस ने एक परामर्श में कहा है कि "आधिकारिक आवश्यकताओं" के कारण शुक्रवार दोपहर को राष्ट्रीय राजधानी की कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रतिबंध और मार्ग परिवर्तन लागू रहेंगे। दिल्ली में 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट' का आयोजन हो रहा है, जिसमें 500 से अधिक वैश्विक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से जुड़ी अहम शख्सियतें और 100 से अधिक सरकारी प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं, जिनमें 20 से अधिक राष्ट्राध्यक्ष और सरकार प्रमुख शामिल हैं।
परामर्श में कहा गया है कि दोपहर एक बजे से शाम 5.30 बजे के बीच कई प्रमुख सड़कों पर, विशेष रूप से मध्य और उत्तरी दिल्ली क्षेत्रों में, यातायात प्रभावित होने की संभावना है। इसके मुताबिक, इन जगहों में डब्ल्यू-पॉइंट, आईटीओ चौक, बीएसजेड मार्ग, जेएलएन मार्ग, राजघाट चौराहा, शांति वन चौराहा, हनुमान मंदिर, आईएसबीटी कश्मीरी गेट, मोनास्ट्री मार्केट, चांदगी राम अखाड़ा, दिल्ली विधानसभा, विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन और दिल्ली विश्वविद्यालय का उत्तर परिसर शामिल हैं।
यातायात पुलिस ने कहा कि वाहनों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए कई प्रमुख सड़कों पर 'टो-अवे जोन' अधिसूचित किए गए हैं। यातायात पुलिस ने बताया कि आउटर रिंग रोड (सलीमगढ़ बाईपास से मजनूं का टीला तक), महात्मा गांधी मार्ग (इनर रिंग रोड), मॉल रोड, यूनिवर्सिटी रोड, बुलेवार्ड रोड, शाम नाथ मार्ग, केला घाट मार्ग, बीएसजेड मार्ग, जेएलएन मार्ग और आईपी मार्ग पर भी यातायात प्रभावित रहेगा।
हालांकि, आपातकालीन वाहनों को गुजरने की अनुमति दी जाएगी। यातायात पुलिस ने यात्रियों को प्रतिबंध अवधि के दौरान प्रभावित मार्गों से बचने और असुविधा कम करने के लिए वैकल्पिक सड़कों का उपयोग करने की सलाह दी।
