Rampur : पिता ने आत्महत्या कर ली तो बेटी ने मां के खिलाफ करा दी एफआईआर, बोली-मां के अवैध संबंधों से टूट गए थे पापा
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
बिलासपुर, अमृत विचार। उत्तराखंड से सटे डिबडिबा गांव में व्यक्ति ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही मृतक की बेटी ने अपनी मां और उसके प्रेमी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मोहल्ला रम्पुरा रुद्रपुर उत्तराखंड निवासी मनीषा देवी द्वारा कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। जिसमें कहा कि 27 साल पहले उनकी मां हरिया देवी की शादी छोटे लाल से हुई थी। वे छह भाई-बहनों में से एक हैं। उसके अनुसार छह साल पहले उनकी मां हरिया देवी ने ऊधमसिंह नगर के थाना ट्रांजिट कैंप के गांव फुलसुंघी निवासी विजय साहनी से दिल्ली में कोर्ट मैरिज कर ली थी और उसके साथ रहने लगी थीं। छह महीने पहले हरिया देवी वापस दिबदिबा आकर अपने पति छोटे लाल के साथ रहने लगीं, लेकिन विजय साहनी से अपने संबंध नहीं तोड़े। विजय साहनी अक्सर दिबदिबा आता-जाता था।इसी बात को लेकर गुरुवार को पिता छोटे लाल का मां हरिया देवी से झगड़ा हुआ। इसके बाद पिता ने जहर खा लिया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। सूचना पर रुद्र-बिलास चौकी प्रभारी चंद्रवीर सिंह ने बताया कि मौके से साक्ष्य एकत्र करने के लिए रात में ही फॉरेंसिक टीम भी पहुंच गई थी। इस पर प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने बताया कि मनीषा की तहरीर पर हरिया देवी और विजय साहनी के विरुद्ध बीएनएस की धारा-108 के तहत मामला दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, जांच के तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
