Bareilly: वोटर बनने को 232729 आवेदन, बूथों पर पढ़कर सुनाई मतदाता सूची
बरेली, अमृत विचार। जनपद के सभी बूथों पर रविवार को विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के अंतर्गत विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने के साथ बड़ी संख्या में ऐसे लोग पहुंचे, जिनके वोट अभी तक किसी कारण से बने नहीं हैं। उन्होंने फार्म-06 भरकर आवेदन किया। वहीं, एसआईआर के दूसरे चरण में जिलेभर में रविवार तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए सभी तहसीलों में 232729 फार्म-6 भरे गए हैं। अभी एसआईआर से छूटे लोगों के पास 6 मार्च तक अपना नाम जुड़वाने का अवसर है।
एसआईआर के दूसरे चरण में जिलेभर में 22 फरवरी तक मतदाता सूचियों से नाम हटाने के लिए फार्म-7 भरकर 3531 लोगों ने आपत्तियां दर्ज करायी हैं, जबकि मतदाता सूची में दर्ज नाम में संशोधन कराने के लिए 61385 लोगाें ने फार्म-8 भरा है। जिला निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार अभी डिस्पोजल के लिए 127250 फार्म-6, 3241 फार्म-7 और 45948 फार्म-8 लंबित हैं। 105479 फार्म-6 और 290 फार्म-7 और 127250 फार्म-8 डिस्पोज्ड हो चुके हैं। वहीं, एईआरओ के स्तर से फार्म-6 के 464 आवेदन, फार्म-7 के 137 आवेदन और 1630 आवेदन फार्म-8 के लंबित हैं।
इधर, रविवार को मौलाना आजाद इंटर कॉलेज परिसर के बूथों पर भी कम संख्या में लोग पहुंचे। मतदाताओं से ज्यादा आईएसआर में तैनात कर्मचारियों की संख्या नजर आई। नवादा स्थित बूथ पर बड़ी संख्या में मतदाता पहुंचे। बीएलओ सुबह 10 बजे बूथों पर पहुंच गए। बूथों पर बीएलओ ने नो मैपिंग के साथ ही मृतक, स्थानांतरण, शिफ्ट आदि वोटरों के नाम पढ़कर सुनाए।
अभी तक इतने भर फार्म भरे गए
विधानसभा फार्म-6, फार्म-7 फार्म-8
बहेड़ी 22375 371 7264
मीरगंज 16814 633 4956
भोजीपुरा 28940 574 5758
नवाबगंज 17786 300 5876
फरीदपुर 27614 156 3937
बिथरी 26909 395 5782
बरेली शहर 41826 422 14472
बरेली कैंट 32156 417 10094
आंवला 18309 263 3246
कुल 232729 3531 61385
दो लाख वोट और कम हो सकते हैं
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार 579098 लोग नो मैपिंग में शामिल हैं। 578877 नोटिस जारी हुए हैं। 17 फरवरी तक 357270 नोटिस रिसीव कराए जा चुके थे। अब इसमें कुछ और जुड़ गए लेकिन अभी भी दो लाख से ज्यादा नोटिस रिसीव नहीं हुए हैं। इससे माना जा रहा है कि इतने वोट और कम हो सकते हैं।
