Lucknow Metro News: स्मार्ट ट्रैवेल की दिशा में लखनऊ मेट्रो का बड़ा कदम, शुरू की क्यूआर आधारित टिकटिंग 

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: दिल्ली मेट्रो की तरह लखनऊ मेट्रो ने भी क्यूआर कोड से टिकट की व्यवस्था सोमवार से शुरू कर दी है। शुभारंभ हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने इसका शुभारंभ किया। वत्सल बरन क्यूआर से मेट्रो ट्रेन का टिकट लेने वाले पहले यात्री बने। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से समय बचेगा, यात्री घर बैठे ही मोबाइल एप से क्यूआर से टिकट बुक कर सकेंगे। टोकन आधारित टिकट व्यवस्था भी पहले की तरह जारी रहेगी। मैट्रो ट्रेन में एयरपोर्ट से मुंशी पुलिया के बीच नार्थ-साउथ कॉरीडोर पर 80 से 85 हजार यात्री रोज सफर करते हैं।

इस तरह होगा प्रवेश और निकास

पीली पट्टी वाले स्कैनर पर क्यूआर टिकट स्कैन करना होगा अनिवार्य

नई प्रणाली के तहत यात्री लखनऊ मेट्रो के आधिकारिक मोबाइल एप, टिकट काउंटर और क्यूआर सपोर्टेड टिकट वेंडिंग मशीन के जरिए आसानी से क्यूआर टिकट प्राप्त कर सकेंगे। मोबाइल ऐप से टिकट बुक करने पर क्यूआर कोड डिजिटल रूप में फोन पर उपलब्ध होगा, जबकि टिकट काउंटर और मशीन से पेपर क्यूआर टिकट भी लिया जा सकेगा। यात्रियों को मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकास के समय ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन (एएफसी) गेट पर पीली पट्टी वाले स्कैनर पर क्यूआर टिकट स्कैन करना अनिवार्य होगा। मेट्रो प्रशासन ने सभी स्टेशनों पर क्यूआर सपोर्टेड टिकट वेंडिंग मशीनें स्थापित कर दी हैं, जिन पर यूपीआई के माध्यम से भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है।

क्यूआर आधारित टिकटिंग प्रणाली स्मार्ट ट्रैवल की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे यात्रियों को तेज, सरल और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा। यात्रियों के समय की बचत होने के साथ ही कैशलेस सफर का आनंद वह ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि भविष्य में ''वन नेशन, वन कार्ड'' की तर्ज पर लखनऊ में भी जल्द एनसीएमसी कार्ड की सुविधा शुरू की जाएगी।

सुशील कुमार, एमडी, यूपीएमआरसी

 

संबंधित समाचार