अयोध्या में डायवर्जन : सीएम आगमन पर इन इलाकों में रहेगा यातायात परिवर्तित, निर्देश जारी
अयोध्या, अमृत विचार। राम मंदिर के परकोटे में बने शिव मंदिर के शिखर पर 29 अप्रैल की शाम पांच बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ धर्म ध्वजा का आरोहण करेंगे। इस समारोह में 1000 हजार अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। इस दौरान यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। जिसके तहत रामपथ पर टेढ़ी बाजार से लता चौक तक वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी।
कार्यक्रम स्थलों का सोमवार को निरीक्षण करने के बाद एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने सुरक्षा व यातायात को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने एसपी यातायात व प्रोटोकाल एपी सिंह के साथ यातायात व्यवस्था को लेकर मंथन किया।
एयरपोर्ट से हाईवे होते हुए अयोध्या आने वाले मार्ग के साथ टेढ़ी बाजार से लता चौक तक के मार्ग पर चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाते हुए उन्हें अन्य मार्ग पर डायवर्ट करने पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री के अयोध्या प्रवास के दौरान रामपथ से जुड़ने वाली गलियों पर लगे बैरियरों को गिराने पर विचार किया गया।
वहीं, मंदिर सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों से वार्ता करते हुए आमंत्रित अतिथियों को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा जारी किए दिशा-निर्देशों का पालन कराने के निर्देश दिए गए। ट्रस्ट द्वारा जारी गाइडलाइन में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि समारोह में किसी भी अतिथि को शस्त्र लाने की मनाही है, साथ ही उनके सुरक्षाकर्मियों को अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा वह अपने साथ अन्य किसी को नहीं ला सकते हैं।
समारोह में शामिल होने वाले अतिथियों को रंगमहल आश्रम, अमावां राम मंदिर होते हुए रामगुलेला मंदिर बैरियर व बिरला धर्मशाला के सामने जगदुरु रामानंदाचार्य द्वार से ही मिलेगा। इनके वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया जाएगा।
