Hamirpur Accident : हमीरपुर में बनकर दौड़ी डंपर, कार सवार लोगों को रौंदा, चार की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

हमीरपुर। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के मौदहा क्षेत्र में डंपर और ईको चार पहिया वाहन की आमने-सामने की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने डंपर और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार सोमवार रात करीब दो बजे छिरका गांव के पास यह हादसा हुआ। 

ईको वाहन में सवार सात लोग हमीरपुर से महोबा बारात में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान महोबा से हमीरपुर की ओर गिट्टी लादकर आ रहे डंपर ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में मोहन (45) पुत्र रामसेवक निवासी ग्राम उरदना थाना मौदहा, आशीष पुत्र करन, कमलेश निवासी ग्राम डामर थाना कुरारा तथा जितेंद्र निवासी ग्राम रिठारी थाना कुरारा की मौके पर ही मृत्यु हो गई। 

वहीं दिलीप निवासी ग्राम उरदना, रोहित पुत्र राधेश्याम निवासी ग्राम तिंदुही थाना मौदहा तथा बाबू निवासी ग्राम डामर थाना कुरारा गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया गया। 

घटना की सूचना पर जिलाधिकारी अभिषेक गोयल और पुलिस अधीक्षक मृगेंद्र शेखर पाठक मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घटना के बाद करीब एक किलोमीटर दूर भाग रहे डंपर और उसके चालक शीनू प्रसाद को हिरासत में ले लिया है।  

संबंधित समाचार