भारत जोड़ो यात्रा में प्रियंका गांधी भी होंगी शामिल, बुधवार से यात्रा मध्यप्रदेश में

भारत जोड़ो यात्रा में प्रियंका गांधी भी होंगी शामिल, बुधवार से यात्रा मध्यप्रदेश में

बुरहानपुर। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में वरिष्ठ पार्टी नेता प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल होंगी। वे अपने प्रति राबर्ट वाड्रा के साथ बुधवार को मध्यप्रदेश के बुरहानपुर पहुंचेंगी और राज्य में यात्रा में शामिल होने के बाद 26 नवंबर को वापस जाएंगी। गांधी की भारत जोड़ो यात्रा भी कल ही यानी बुधवार को महाराष्ट्र की सीमा से मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में प्रवेश करेगी।

ये भी पढ़ें - शिवाजी का अपमान सहने वाली सरकार बेलगाम में मराठी लोगों को न्याय कैसे दिलाएगी: संजय राउत

यात्रा के प्रवेश की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है और वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ भी आज यहां पहुंचे। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, अरुण यादव, सुरेश पचौरी और अनेक नेता व पदाधिकारी यहां डेरा डाले हुए हैं। कमलनाथ ने शाम को यहां पत्रकारों को बताया कि गांधी की भारत जोड़ाे यात्रा 23 नवंबर को सुबह महाराष्ट्र से बुरहानपुर जिले में प्रवेश करेगी।

यात्रा 12 दिनों के दौरान लगभग 380 किलोमीटर की दूरी तय कर आगरमालवा जिले से राजस्थान में 04 दिसंबर को प्रवेश कर जाएगी। गांधी इस दौरान बुरहानपुर के अलावा खरगाेन,खंडवा, इंदौर, उज्जैन और आगरमालवा जिलों से भी निकलेंगे। कमलनाथ ने कहा कि यात्रा में शामिल होने के लिए 23 नवंबर की शाम प्रियंका गांधी वाड्रा इंदौर आएंगी और वहां से सड़क मार्ग से रात्रि में बुरहानपुर जिला पहुंचेंगी।

वे 24 और 25 नवंबर को यात्रा में शामिल होने के बाद 26 नवंबर को वापस लौट जाएंगी। उन्होंने कहा कि श्री गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पहली बार किसी हिंदीभाषी राज्य में प्रवेश कर रही है। इस यात्रा को लेकर मध्यप्रदेश में काफी उत्साह है।

यह यात्रा लोगों की आवाज बनकर सामने आ रही है। एक सवाल के जवाब में श्री कमलनाथ ने कहा कि गांधी अब उस राज्य में आ रहे हैं, जहां 18 सालों से भाजपा का राज है। यहां पर किसान, नौजवान, गरीब और प्रत्येक वर्ग परेशान हैं। सिर्फ भाजपा, उसके नेता और कार्यकर्ता खुश हैं। भाजपा के पास अब पैसा, प्रशासन और पुलिस के अलावा कुछ नहीं है और वह इनका दुरुपयोग कर रही है।

कांग्रेस का मुकाबला भाजपा के संगठन से है और इसके लिए हम अपने संगठन को लगातार मजबूत कर रहे हैं। इंदौर में एक पत्र के जरिए गांधी और श्री कमलनाथ को हाल ही में धमकी दिए जाने संबंधी मामले के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। उन्होंने जीवन में बहुत धमकियां देखी हैं।

पुलिस इस मामले में अपना कार्य कर रही है। एक अन्य सवाल के जवाब में कमलनाथ ने कहा कि मार्च 2020 में राज्य में उनकी सरकार के समय विधायकों के साथ सौदेबाजी की उन्हें पूरी जानकारी थी। विधायक उन्हें स्वयं आकर बताते थे। कमलनाथ ने दावा किया कि एक दिन तो एक विधायक ने आकर कहा कि उन्हें पांच करोड़ रुपए मिले हैं और यह पैसा उनकी गाड़ी में रखा हुआ है।

तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि उनके कहने का आशय यह है कि वे सौदेबाजी के जरिए सरकार में बने नहीं रहना चाहते थे। एक अन्य सवाल के जवाब में कमलनाथ ने मजाकिया लहजे में कहा कि वे चाहते हैं कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह मध्यप्रदेश में भी यात्रा के दौरान डांस करें, तो वे भी उनके साथ डांस करेंगे।

भारत छोड़ो यात्रा के दौरान श्री दिग्विजय सिंह के डांस करते हुए वायरल वीडियो के बारे में पूछे जाने पर कमलनाथ ने कहा कि इससे यह भी साफ हाे गया है कि सिंह सिर्फ नचाते नहीं हैं, बल्कि वे नाचते भी हैं। इस बीच प्रदेश कांग्रेस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार गांधी की यात्रा बुरहानपुर जिले से राज्य में प्रवेश कर अगले 12 दिन तक यहां रहेगी।

 गांधी कल 23 तारीख को महाराष्ट्र की सीमा से सटे बुरहानपुर जिले के बोदरली गांव से अपनी यात्रा की शुरुआत करेंगे। वे यहां से खंडवा जिले के झिरी जाएंगे। इसके अगले दिन यात्रा 24 तारीख को खंडवा को बोरगांव से खरगोन के खेरड़ा तक जाएगी। 25 तारीख को गांधी खेरड़ा से मोरटक्का तक की यात्रा करेंगे।

शनिवार 26 नवंबर को श्री गांधी की यात्रा इंदौर जिले में प्रवेश करेगी। यहां वे डॉ भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू जाएंगे। इसके अगले दिन गांधी महू से इंदौर तक की यात्रा करेंगे। 28 तारीख को यात्रा का विश्राम तय किया गया है। गांधी 29 तारीख को इंदौर शहर से सांवेर जाएंगे। 30 तारीख को यात्रा सांवेर से उज्जैन जिले में प्रवेश कर एक तारीख को भी उज्जैन में ही रहेगी। दो दिसंबर को यात्रा की शुरुआत उज्जैन के झालरा से होगी।

यहां से गांधी आगर-मालवा के कासी बरदिया पहुंचेंगे। तीन दिसंबर को गांधी इसी जिले के महूदिया से लालाखेड़ी तक का सफर तय करेंगे। चार तारीख को यात्रा लालाखेड़ी से राजस्थान के झालावाड़ जिले में प्रवेश करेगी। गांधी की यात्रा के लिए बुरहानपुर जिले के जैनाबाद स्थित एक स्कूल परिसर का निरीक्षण आज वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने किया, जहां गांधी की यात्रा का ''डे कैंप'' रहेगा।

भारत जोड़ो यात्रा के मद्देनजर यात्रा में शामिल लोगों के ठहरने, खानपान और मूलभूत सुविधाओं का इंतजाम भी किया गया है। पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा आदि की जिम्मेदारी संभाल रहा है।

ये भी पढ़ें - Odisha: आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अनिश्चितकालीन धरने पर, 60,000 केंद्र बंद