रक्षामंत्री 31 को करेंगे अन्नपूर्णा देवी मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण, मंदिर परिसर में आज से 108 वैदिक आचार्य करेंगे अनुष्ठान

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार : राम मंदिर में प्रतिष्ठा द्वादशी के द्वितीय वर्ष पर भव्य आयोजन के साथ वार्षिकोत्सव संपन्न किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम में परकोटा के उत्तरी भुज पर मां अन्नपूर्णा देवी मंदिर स्थापित है, जिस पर 31 दिसंबर को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी आदित्यनाथ के द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। शनिवार से ही अनुष्ठान व अन्य आयोजन प्रारंभ होकर 2 जनवरी तक चलेगा, जिसमे भगवान के अभिषेक पूजन के साथ पालकी यात्रा भी निकाली जाएगी। 

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय ने बताया कि राम मंदिर में रामलला के प्राणप्रतिष्ठा का दूसरा वर्ष हो रहा है, जिसे पाटोत्सव के रूप में मनाया जाता है। प्राण प्रतिष्ठा पौष शुक्ल द्वादशी के दिन हुई थी, लेकिन उस समय अंग्रेजी तिथि 22 जनवरी 2024 थी। भारत में सभी पर्व त्योहार भारतीय कैलेंडर से मनाया जाता है। यह आयोजन हिंदी पंचांग के मुताबिक 27 दिसंबर से प्रारंभ होगा। सभी प्रकार के आयोजन होंगे। आयोजन 2 जनवरी को समाप्त होगा।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री भी होंगे शामिल

चंपत राय ने बताया कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य पेजावार मठ के स्वामी विश्व प्रसन्नातीर्थ अयोध्या और दक्षिण भारत के 108 वैदिक आचार्यों के साथ 27 दिसंबर तक मंडल पूजन का आयोजन किया जाएगा। 28 को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू भी शामिल होंगे। दूसरी पाली में भगवान के उत्सव मूर्ति की पालकी यात्रा भी निकाली जाएगी। इसी कार्यक्रम के तहत कानपुर की श्री मां आनंदमई मानस परिवार के द्वारा रामचरितमानस का संगीतमय पाठ अंगद टीला पर 29 दिसंबर से प्रारंभ होगा। इसके साथ ही 29 दिसंबर से ही दोपहर 2 से 5 बजे तक राम कथा का आयोजन जगतगुरु रामदिनेशाचार्य के द्वारा किया जायेगा।

अनूप जलोटा, तृप्टि शाक्य व सुरेश बाडेकर भी देंगे प्रस्तुति

29 और 30 दिसंबर को सायंकाल 5:30 से 7 बजे तक छत्तीसगढ़ के बाबा घासी दास विश्वविद्यालय के युवाओं के द्वारा रामलीला का मंचन किया जाएगा। 31 दिसंबर को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंदिर परिसर में पहुंचेंगे। लगभग 11:00 बजे परिसर में पहुंचेंगे। दोपहर 1:00 बजे अंगद टीला पर संबोधन होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद होंगे। इसी दिन सायंकाल 6 से 8 बजे तक काव्य सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें राम का गुणगान और वंदे मातरम गायन किया जाएगा। इसके अलावा देश के ख्यातिलब्ध गायक और वादकों को भी बुलाया गया है। 31 दिसंबर को वाराणसी की अंशिका सिंह की प्रस्तुति होगी। 1 जनवरी को अनूप जलोटा, रामकथा पर आधारित नृत्य नाटिका, और फिरोजाबाद का मयूरी डांस ग्रुप और गायिका तृप्ति शाक्य के द्वारा रात्रि 6 बजे से 9 बजे तक प्रस्तुति होगी। 2 जनवरी को सुरेश वाडेकर, संजोली पांडे भगवान श्री राम की शक्ति पूजा, और शालिनी चतुर्वेदी के द्वारा प्रस्तुति होगी।

भीषण ठंड में भी उमड़ रहे श्रद्धालु

रामनगरी का तापमान लगातार गिरता जा रहा है, लेकिन रामलला के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था बढ़ती ही जा रही है। अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने के बावजूद शुक्रवार को राम मंदिर में दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा। रामपथ पर भारी भीड़ दिखी।

ये भी पढ़े : 
यूपी : झांसी में पानी-पुरी के ठेले को टक्कर मारते हुए नहर में गिरा ट्रक, दो शव मिले

संबंधित समाचार