रुद्रपुर: कश्मीर का पारंपरिक खेल स्कॉय अब उत्तराखंड में भी खेला जाएगा: शर्मा
रुद्रपुर, अमृत विचार। स्कॉय एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के नव मनोनीत अध्यक्ष विकास शर्मा ने कहा कि कश्मीर का पारंपरिक खेल स्कॉय अब उत्तराखंड में भी खेला जाएगा। यह खेल आत्मरक्षा के लिए बेहतर खेल है। इसको बढ़ावा देने के लिए एसोसिएशन का गठन किया गया है।
रविवार को स्काय खेल के जनक ग्रैंड मास्टर मीर नजीर अहमद की मौजूदगी में बैठक आयोजित हुई। इसमें सर्वसम्मति से स्कॉय एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड का अध्यक्ष विकास शर्मा को बनाया गया। इसके अलावा चंपावत के सुंदर सिंह, नैनीताल के सौरभ गौड़, नैनीताल का सौरभ सनवाल, दीपक पांडे को पिथौरागढ़, रोहित मखोलिया को देहरादून का सचिव बनाया गया है। ग्रैंड मास्टर मीर नजीर ने बताया कि स्कॉय खेल 68 देशों में और भारत के 27 राज्यों में खेला जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पूर्व के कश्मीर के राजा महाराजा द्वारा स्कॉय खेल को सेल्फ डिफेंस के लिए खेला गया बाद में सैनिकों के लिए यह खेल अनिवार्य बना दिया गया। इसके बाद यह खेल अंतरराष्ट्रीय खेलों में शुमार हो गया। नव मनोनीत अध्यक्ष विकास शर्मा ने कहा कि प्रदेश में स्कॉय खेल को बढ़ावा मिलने की अपार संभावनाएं है। आत्मरक्षा के लिए खेल महत्वपूर्ण है। एसोसिएशन का गठन होने के बाद जल्द ही जिला स्तरीय एवं नगर कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। साथ ही स्कूलों में भी खेलों के प्रति विद्यार्थियों को सजग बनाया जाएगा। ताकि पुरुष और महिला टीम बनाई जा सके।
इस अवसर पर जितेंद्र कुमार, भारती पुजारी, यशस्वी चौहान, हिमांशु जोशी, उमेश प्रसाद, सिद्धवंश मलिक, सुधीर राय, शिव चरण सिंह, नवदीप सिंह, अरविंद शर्मा, शानू कुमार, मंदीप सिंह, सुधीर यादव, मोना कश्यप, कुवेर भारती, सुनीता जोशी, आरूषी कुशवाह आदि मौजूद रहे।
