झामुमो नीत गठबंधन के विधायकों को भाजपा से बचाने के लिए राज्य से भेजा जा सकता है बाहर 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रांची। झारखंड में जारी राजनीतिक उथल-पुथल के बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत गठबंधन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से विधायकों को लुभाए जाने के किसी भी प्रयास को नाकाम करने के लिए उन्हें हैदराबाद भेज सकता है। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह बात कही। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे विधायकों को हैदराबाद ले जाने के लिए 12 और 37 सीट वाले दो चार्टर्ड विमान बुक किए गए हैं।’’

वहीं, एक विधायक ने नाम उजागर न करने की शर्त पर ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘सरकार गठन के लिए राजभवन से आमंत्रण मिलने में किसी भी प्रकार की देरी की सूरत में भाजपा की ओर से विधायकों को लुभाए जाने के किसी भी प्रयास को नाकाम करने के लिए झामुमो नीत गठबंधन अपने विधायकों को झारखंड से बाहर भेज सकता है।’’

इस बीच, झामुमो विधायक दल के नवनिर्वाचित नेता चंपई सोरेन ने कहा कि उन्हें सरकार गठन के लिए राजभवन से आमंत्रण मिलने का इंतजार है क्योंकि उन्हें 81 सदस्यीय विधानसभा में 47 विधायकों का समर्थन हासिल है।

झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन को बुधवार रात यहां उनके आधिकारिक आवास पर धनशोधन मामले में सात घंटे की पूछताछ के बाद ईडी ने गिरफ्तार कर लिया था। सोरेन (48) को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद कथित भूमि धोखाधड़ी से जुड़े धनशोधन मामले में गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री के रूप में झामुमो के वरिष्ठ नेता चंपई सोरेन का नाम प्रस्तावित किया गया है।

ये भी पढ़ें - राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में पहुंची, यात्रा का पहला चरण पूरा

संबंधित समाचार