हल्द्वानी: होली पर जंगलों में शिकार को लेकर हाई अलर्ट 

हल्द्वानी: होली पर जंगलों में शिकार को लेकर हाई अलर्ट 

हल्द्वानी, अमृत विचार। होली की मस्ती में जंगलों में अवैध खनन, कटान और शिकार की आशंका के मद्देनजर पश्चिमी वन वृत्त में अलर्ट जारी किया गया है। खासकर उत्तर प्रदेश बॉर्डर से सटे हुए जंगलों में चप्पे-चप्पे की निगरानी की जाएगी। 

पश्विमी वन वृत्त में तराई पूर्वी, तराई केंद्रीय, तराई पश्चिमी, हल्द्वानी और रामनगर पांच वन डिविजन शामिल है। इनमें तराई पूर्वी,  तराई पश्चिमी के जंगल उप्र बॉर्डर और हल्द्वानी डिवीजन के जंगल अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर नेपाल तक सटे हुए हैं। होली पर  तंत्र मंत्र की गतिविधियों की वजह से शिकारियों की घुसपैठ का खतरा बढ़ जाता है। होली पर अवकाश भी होता है ऐसे में अवैध कटान की भी आशंका रहती है। 

जंगल, वन्यजीवों की सुरक्षा को देखते हुए पश्चिमी वन वृत्त के संरक्षक दीप चंद्र आर्या ने हाई अलर्ट जारी किया है। उन्होंने पांचों प्रभागीय वनाधिकारियों को पत्र लिखकर होली पर जंगलों की सुरक्षा के लिए इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।

विशेषकर उप्र बॉर्डर से सटे जंगल जैसे काशीपुर, रुद्रपुर, खटीमा, सितारगंज, बनबसा, चंपावत में जंगलों में निगरानी  करने के निर्देश दिए हैं। इनमें रेंज कर्मचारियों को टीमें बनाकर लंबी दूरी की गश्त करने, थर्मल कैमरा स्थापित किए गए हैं। वहीं वन कर्मचारियों के गश्ती स्टाफ का भी अवकाश निरस्त कर दिया गया है। रेंज अधिकारियों को भी बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।

पश्चिमी वन वृत्त के  संरक्षक दीप चंद्र आर्या ने बताया कि होली पर जंगलों में शिकार के मद्देनजर वन कर्मचारियों को चौंकन्ना रहने के लिए कहा गया है। नंधौर वन्यजीव अभ्यारण्य व बार्डर से सटे जंगलों के गश्ती स्टाफ के अवकाश निरस्त हैं। सभी को मुस्तैदी से जंगल की सुरक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।