अंबेडकरनगर के लिए सीएम योगी ने 'छप्पर फाड़ कर' खोला खजाना!, दी 21 अरब 22 करोड़ रुपए की परियोजनाओं की सौगात

सीएम योगी ने 4977 परियोजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास, सपा-कांग्रेस पर जमकर बरसे

अंबेडकरनगर के लिए सीएम योगी ने 'छप्पर फाड़ कर' खोला खजाना!, दी 21 अरब 22 करोड़ रुपए की परियोजनाओं की सौगात

कहा- दलित विरोधी है सपा, गेस्ट हाउस कांड की दिलाई याद, कांग्रेस पर भी किया वार

अंबेडकरनगर, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को जनपद को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने 2122 करोड़ रुपए की 4977 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने सपा समेत विरोधी दलों पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सपा दलितों की विरोधी है, सपा के लोगों ने गेस्ट हाउस कांड करवाया था। लेकिन भाजपा सरकार सुरक्षा, समृद्धि और लोक कल्याण के लिए कार्य कर रही है। 

उन्होंने कहा कि क्या यह सपा और कांग्रेस के लोग दे पाते। वहां तो चाचा और भतीजे में ही जंग छिड़ी हुई है। नियुक्ति आई नहीं कि पूरा परिवार वसूली में व्यस्त हो जाता था। लेकिन अब ऐसा नहीं है। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 10 वर्ष में एक बदलते भारत को देखा है। पहले देश के अंदर पहचान नहीं थी। अब पूरे विश्व में भारत का सम्मान है। 56 लाख परिवारों को मकान मिला है। पहले ऐसा नहीं होता था। पहले नौकरी आती थी तो वसूली आरंभ हो जाती थी। चाचा भतीजे में जंग छिड़ जाती थी। आज भी जंग छिड़ी हुई है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले दुनिया में सम्मान नहीं था। आतंकवाद था, लेकिन भारत एक नए रूप में है। यह नया भारत है। रोजगार मिल रहा है। अयोध्या में रामलला को विराजमान हो गए हैं। सभी को योजनाओं से अछांदित किया जा रहा है। 

अंबेडकरनगर का नाम मिटाना चाहती थी सपा 

मुख्यमंत्री ने 20 मिनट तक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अंबेडकरनगर तो हमारे जनपद का पड़ोसी जिला है। इसका बार्डर गोरखपुर से जुड़ता है। 2017 के पहले यहां पर माफियाओं का बोलबाला था। माफिया गरीबों की जमीन कब्जा करते थे, जिनकी कमर सरकार ने तोड़ दी। समाजवादी लोग तो जनपद का नाम ही मिटाना चाहते थे। आज संवेदनशील सरकार होने पर योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के लाभार्थियों को मिल रहा है। 

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजना के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्जवला योजना और निवेश करने के लिए उद्यमियों को डैमो चेक देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने पांच चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र भी सौंपा। 

कार्यक्रम में लगे नौकरी दो नौकरी दो के नारे

Untitled-18 copy

 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के दौरान शिक्षक भर्ती घोटाले का बोर्ड लिए महिलाओं ने नौकरी दो-नौकरी दो के नारे लगाएं। हालांकि पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत ही महिलाओं को हिरासत में ले लिया है।

बेटियों और बहनों को छेड़ा तो मिलेंगे यमराज 

भाजपा सरकार में जनपद को अलग पहचान मिल रही है। जबकि सपा के लोग जनपद का नाम मिटाना चाहते थे। वह केवल अपने परिवार के बारे में सोचते थे। माफिया गरीबों की जमीन कब्जा करते थे। पिछली सरकारों ने माफियाओं को पाला-पोषा था। आज बेटी के साथ छेड़छाड़ की तो अगले चौराहे पर यमराज मिलेंगे।

कमल पर आती हैं मां लक्ष्मी 

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में मकान के साथ उज्ज्वला योजना का कार्ड भी मिल रहा है। निजी नलकूप को फ्री में बिजली मिल रही है। स्मार्टफोन का वितरण किया जा रहा है। सरकार फैमिली आईडी जारी करेगी। जिससे सभी को उसी कार्ड पर योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि मां लक्ष्मी कमल पर आती हैं। विकसित यूपी के लिए विकसित अंबेडकरनगर चाहिए और इसके लिए डबल इंजन के सरकार की जरूरत है, वहीं ही विकास कर सकती है। 

कार्यक्रम में यह भी रहे मौजूद

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के सांसद रितेश पांडेय, एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय, प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव, पूर्व मंत्री धर्मराज निषाद, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष यमुना प्रसाद चतुर्वेदी, भाजपा नेता रमाशंकर सिंह, लोकसभा संयोजक अवधेश द्विवेदी, धर्मेंद्र सिंह टिल्लू,पूर्व विधायक अनीता कमल, संजू देवी, सुभाष राय समेत अन्य कई भाजपा नेता मौके पर मौजूद रहे। 

इन परियोजनाओं का हुआ लोकापर्ण और शिलान्यास 

गुरुवार को पंचायती राज विभाग के 19 करोड़ 80 लाख रुपए की 899 परियोजना, कृषि शिक्षा और अनुसंधान विभाग में 50 लाख रुपए की एक, बेसिक शिक्षा विभाग में दो करोड़ 94 लाख की दो, लोक निर्माण विभाग में एक अरब 90 करोड़ 27 लाख की 320 सडक़ें, ग्राम विकास विभाग में 40 लाख की 11, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में पांच करोड़ 71 लाख रुपए की 18, नगर विकास विभाग में चार करोड़ 94 लाख रुपए की 14, नियोजन विभाग में एक करोड़ 18 लाख की आठ और पावर कारपोरेशन में 18 करोड़ 38 लाख रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण किया। 

हर घर पानी पहुंचाने की घर-घर नल योजना के तहत जल जीवन मिशन की 14 अरब 26 करोड़ 40 लाख रुपए की 345 परियोजनाओं के साथ ही पंचायती राज विभाग के 42 करोड़ 17 लाख की 505, नगर विकास विभाग के एक अरब 46 करोड़ 75 लाख के 90 कार्य, चिकित्सा विभाग के 26 करोड़ 21 लाख रुपए के 19, पीडब्ल्यूडी 25 करोड़ 12 लाख के 86, बेसिक शिक्षा विभाग के नौ करोड़ 40 लाख के नौ, व्यवसायिक शिक्षा और कौशल विकास विभाग के आठ करोड़ 17 लाख रुपए की दो, नियोजन विभाग के दो करोड़ 18 लाख रुपए के छह, पावर कारपोरेशन के एक अरब 47 लाख रुपए के 2,673 कार्यों के साथ ही ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की छह करोड़ 79 लाख की 60 समेत 18 अरब 77 करोड़ 30 लाख रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास कर जिले के विकास के लिए सौगात दिए। 

इसके साथ ही सीएम योगी ने जनपद में विकासित हो रहे दो औद्योगिक कारिडोर और बायो मेथेनाल व रिलायंस बायो एनर्जी प्लांट के प्रतिनिधि को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद में बायो मेथेनाल व रिलायंस बायो एनर्जी प्लांट के लगने से 6 हजार करोड़ रुपए का जनपद में सीधा निवेश होगा। जिससे करीब 10 हजार लोगों को सीधा रोजगार मिलेगा। 

Untitled-16 copy

यह भी पढे़ं: लखनऊ एयरपोर्ट पर मरम्मत के कार्य के चलते इस तारीख से रात में बंद रहेंगी उड़ानें, जान लें डेट नहीं तो होंगे परेशान...