अयोध्या: प्रबंध समिति ने डीआईओएस के खिलाफ खोला मोर्चा, राजकरण वैदिक इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य नियुक्ति का मामला

अयोध्या: प्रबंध समिति ने डीआईओएस के खिलाफ खोला मोर्चा, राजकरण वैदिक इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य नियुक्ति का मामला

अयोध्या, अमृत विचार। आर्य समाज प्रबंध समिति द्वारा राजकरण वैदिक इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य की नियुक्ति मामले को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया गया है। समिति के अध्यक्ष और आर्य समाज के प्रधान अधिवक्ता हिमांशु त्रिपाठी ने आरोप लगाया है जिला विद्यालय निरीक्षक मनमानी ढंग से कार्य कर रहे हैं। 

उन्होंने कहा डीआईओएस प्रबंध समिति को अनावश्यक रूप से इंटरमीडिएट एक्ट के नियमों के विपरीत कालातीत बता कर कालेज संचालन में हस्तक्षेप कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा समिति को संज्ञान में लिए बिना राजकरण वैदिक इंटर कॉलेज में उदय नारायण तिवारी को कार्यवाहक प्रधानाचार्य नियुक्त कर दिया जबकि पूर्व में कार्यरत रहे स्वामीनाथ राम का त्यागपत्र समिति द्वारा पांच अप्रैल को स्वीकार किया गया। 

अध्यक्ष ने बताया कि समिति के चुनाव और उससे संबंधित सभी पत्रावली जिला विद्यालय निरीक्षक के यहां दी गई उसके बाद भी समिति को मान्यता नहीं दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रबंध समिति द्वारा अनुमोदित प्रस्तावों को भी अनदेखा कर सीधा हस्तक्षेप किया जा रहा है जो सर्वथा अनुचित और नियमों के विपरीत है। 

आरोप लगाया है कि डीआईओएस द्वारा दशकों से पंजीकृत और संचालित आर्य समाज को भी गलत बताया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि बिना प्रबंध समिति के अनुमोदन के कार्यवाहक प्रधानाचार्य की नियुक्ति अवैधानिक है। 

बताया कि जेडी द्वारा डीआईओएस की संस्तुति निरस्त की गई इसके बाद भी मनमानी कार्रवाई की जा रही है। अध्यक्ष ने कहा कि इसके खिलाफ आगे की लड़ाई लड़ी जायेगी। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ राजेश कुमार आर्या का कहना है कि आरोप निराधार है, नियमों के तहत नियुक्ति की गई है।