खटीमा: युवक ने दरवाजा बंद कर लगाई फांसी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खटीमा, अमृत विचार। अमाऊं में एक युवक ने कमरा बंद कर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। इस दौरान उसकी पत्नी काम पर गई हुई थी और बेटा पड़ोस में खेलने गया था। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया जिसे शनिवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।

मूलरूप से मिघौल गांव, जिला शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला शेर सिंह (32) पुत्र काशीराम पिछले आठ साल से अमाऊं में किराए के मकान में अपनी पत्नी मधु और नौ वर्षीय बेटे गोलू के साथ रह रहा था। शुक्रवार को जब उसकी पत्नी मधु काम पर गई हुई थी और बेटा पड़ोस में खेलने गया था उसी समय शेर सिंह ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर फांसी लगा ली। इसका पता तब चला जब उसकी पत्नी मधु काम से लौटी तो दरवाजा अंदर से बंद था।

जब दरवाजा खटखटाने पर नहीं खुला तो उसने खिड़की से झांक कर देखा तो वह अंदर का दृश्य देखकर कांप उठी। उसने चीख पुकार के साथ आसपास के लोगों को बुलाया। जिसकी सूचना थाने को दी गई। जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लटके युवक को नीचे उतरवाया लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया। जिसको शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतक चार भाइयों में सबसे बड़ा था जबकि उससे छोटे जितेंद्र, ननकू और मोहित गांव में ही रहकर मेहनत मजदूरी करते हैं।

संबंधित समाचार