काशीपुर: ठेले पर काम करने वाले एक युवक ने मालिक के डेढ़ साल के बच्चे का गला रेतकर फेंका

Amrit Vichar Network
Published By Bhupesh Kanaujia
On

काशीपुर, अमृत विचार। जूस के ठेले पर काम करने वाले एक युवक ने अपने मालिक के डेढ़ साल के बच्चे का गला रेतकर झाड़ियों में फेंक दिया। बच्चे को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। चैती मेले में सहारनपुर निवासी नदीम ने जूस के स्टॉल लगा रखे हैं।

स्टॉल पर काम करने वाला एक युवक अपने मालिक नदीम के डेढ़ साल के बच्चे को रात्रि के 8 बजे मेले में घुमाने के लिए ले गया। जब वह देर रात्रि वापिस लौटकर आया तो बच्चा उसके पास नहीं था। जब उससे बच्चे के बारे में पूछा तो उसने कहा कि बच्चा उसके पास नहीं है। इसके बाद परिजनों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

सोमवार की सुबह लगभग छह बजे बाजपुर रोड पर एक दुकान के पीछे झाड़ियों में किसी ने बच्चे के रोने की आवाज सुनी। तब लोगों ने लहूलुहान बच्चे को उठाकर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। बच्चे का एक साइड से गला रेता हुआ था। साथ ही पूरे शरीर पर मच्छरों के काटने के निशान थे। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। तब परिजनों ने आहद को मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में आईसीयू में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज चल रहा है।

उधर सीओ अनुषा बडोला ने बताया पुलिस आरोपी युवक को हिरासत में लेकर बच्चे के साथ की गई बर्बरता की जानकारी जुटा रही है।

संबंधित समाचार