ऊधम सिंह नगर में शातिर चोर गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

 ऊधम सिंह नगर में शातिर चोर गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

नैनीताल। उत्तराखंड की खटीमा पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो बंद घरों का ताला तोड़ कर सामान पर हाथ साफ करने में माहिर है। इस गिरोह में महिलायें भी शामिल हैं। इस गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 15 मई को खटीमा के टेड़ाघाट निवासी कैलाश चंद्र जोशी के घर में सेंध लगा कर चोरों ने लाखों के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर लिया था। पीड़ित का पूरा परिवार तब नैनीताल के कैंचीधाम नीम करौली महाराज के दर्शन के लिये गया था।

जब परिवार के सदस्य तीन दिन बाद 17 मई को घर लौटे तो घर का ताला टूटा मिला। जोशी की ओर से खटीमा पुलिस को तहरीर सौंपी गयी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डा0 मंजूनाथ टीसी ने विशेष अभियान समूह (एसओजी) की अगुवाई में खटीमा थाना पुलिस की एक टीम को इस काम में लगाया। चोरों को पकड़ने के लिये घटनास्थल के आसपास एवं खटीमा, मझौला, तथा खटीमा से सटे उप्र के पीलीभीत एवं बरेली के 200 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया। मुखबिर के अलावा चोरी के आरोप में जेल गये,

आरोपियों से भी पूछताछ की गयी। आखिरकार पुलिस को सफलता हाथ लगी और सटीक सूचना के आधार पर बीती रात को मझौला के हल्दी पुल के पास से चार आरापियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में इमरान, खुशबू निवासीगण वार्ड नं0-2, ईदगाह रोड, खटीमा एवं फैजान और सिम्मी बी निवासीगण नौगवा पकड़िया, इस्लाम नगर, थाना सुनगढ़ी, जिला पीलीभीत, उप्र शामिल हैं।

फैजान और सिम्मी पति-पत्नी हैं। इस घटना में अशरफ उर्फ मुन्ना उर्फ कालिया निवासी सिरौली कलां, थाना पुलभट्टा, ऊधम सिंह नगर एवं अकील निवासी वार्ड नं0-05, इस्लाम नगर, खटीमा के ना भी सामने आये हैं। अशरफ और अकील गिरोह के सरगना हैं। दोनों फरार बताये जा रहे हैं। सबसे पहले गिरोह के सदस्य बंद घरों की तलाश करते हैं और इसके बाद अशरफ और अकील घर में सेंध लगा कर माल पर हाथ साफ कर लेते हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से 15 लाख रूपये मूल्य के चोरी गये सोने और चांदी के आभूषण बरामद भी कर लिये गये हैं। पुलिस के अनुसार चोरी गये माल को गिरोह के सदस्य खटीमा से बाहर उप्र के इलाके में बेच देते हैं। बिके हुए माल के पैसे को अशरफ और अकील को सौंप देते हैं।

दोनों अपना हिस्सा रखने के बाद बचे पैसों को सदस्यों में बांट देते हैं। बताया जा रहा है कि दोनों बेहद शातिर किस्म के चोर हैं। गिरफ्तार महिलाओं का आपराधिक इतिहास है और दोनों पर पहले से दो-दो मामले दर्ज हैं। पुलिस फरार दोनों सरगनाओं की तलाश में जुट गयी है। साथ ही चारों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर आगे की कार्यवाही की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धाराओं में वृद्धि भी कर दी है। 

ये भी पढ़ें- तस्करों व वनकर्मियों में मुठभेड़, शातिर तस्कर घायल, तीन गिरफ्तार