शाइन सिटी के सीएमडी व उसके भाई ने हड़पा स्कूल, एफआईआर
दस करोड़ रुपये में आरोपियों ने दी आधी रकम, दोनों भाइयों समेत तीन पर छात्रों के फीस का लाखों रुपये दबाने का आरोप
लखनऊ, अमृत विचार । बंथरा इलाके के दरोगाखेड़ा निवासी भानुप्रताप सिंह ने शाइन सिटी के सीएमडी और उसके भाई समेत तीन पर स्कूल हड़पने का आरोप लगाया है। आरोप है कि तीनों ने उसे मिलने वाले 5 करोड़ रुपये भी नहीं दिए। वहीं, छात्रों की फीस भी दबा गए। इस मामले में पीड़ित ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दरोगा खेड़ा निवासी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि उनका कानपुर रोड पर ही हाम कैम्पस नाम से स्कूल है। इसके संचालन के लिए उन्होंने बैंक से लोन लिया था। भानु के स्कूल में ही सदर निवासी मो. सूफी कंटेंट डिजाइनर के पद पर काम करता था। सूफी शाइन सिटी के लिए एजेंट का भी काम करता था। भानु को दिक्कत में फंसे देख सूफी ने शाइन सिटी सीएमडी राशिद नसीम और एमडी आसिफ नसीम से मुलाकात कराई। जिन्होंने हाम कैम्पस स्कूल के संचालन की हामी भर दी। दोनों के बीच हुए समझौते के आधार पर राशिद और आसिफ नसीम को 60 तथा भानु को 40 प्रतिशत का हिस्सा तय किया गया।
कागजी कार्रवाई के बाद शाइन सिटी के एमडी आसिफ नसीम ने एजेंट सैफ को संचालन का जिम्मा सौंपा। दोनों पक्षों में हुए एग्रीमेंट के तहत करीब दस करोड़ रुपये में स्कूल का सौदा किया गया। इसमें से आधी रकम ही भानु को दी गई। कुछ दिनों तक स्कूल चलाने के बाद आसिफ ने आगे काम करने से मना कर दिया। वहीं बचे हुए पांच करोड़ रुपये भी नहीं दिए। स्कूल पर कब्जा कर लिया। आरोप है कि आसिफ ने बच्चों से फीस भी ली थी। जिसे स्कूल की जगह अपने निजी बैंक खाते में जमा कर लिया। इंस्पेक्टर बंथरा राम सिंह ने बताया कि पीड़ित की प्रार्थना पत्र पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें- लखनऊ : कमलेश तिवारी के हत्यारोपी को मिली जमानत, पत्नी ने मांगी इच्छामृत्यु
