लखीमपुर खीरी: ससुराल वाले दरवाजे पर फेंक गए युवक का शव, की थी लव मैरिज
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। शहर के मोहल्ला प्रमिलानगर में ससुराल वाले एक युवक का शव उसके घर के दरवाजे पर डालकर भाग निकले। इससे परिवार में जहां हड़कंप मच गया। वहीं मोहल्ले में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। वहीं पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह पता चल सकेगी।
मोहल्ला प्रमिलानगर निवासी अंकित राठौर का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। करीब तीन महीने पहले दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया था। शादी के बाद से अंकित अपनी पत्नी के साथ रहने लगा था। शुक्रवार को उसकी ससुराल वाले अंकित का शव लेकर प्रमिलानगर पहुंचे और घर के गेट पर फेंक कर चले गए। इससे घरवालों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में मोहल्ले के लोग मौके पर जमा हो गए।
इस दौरान परिवार वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन शुरू कर दी। साथ ही मृतक के घर वालों से पूछताछ के साथही आसपास के लोगों से भी जानकारी ली। घर वालों को मृतक के ससुराल वालों के बारे में ज्यादा कुछ पता नहीं है। उन्हें ठीक से यह भी नहीं पता है कि आरोपी कहां रहते हैं और युवक की मौत कैसे हुई। आशंका जताई जा रही है कि जहर की वजह से युवक की मौत हुई है।
प्रभारी निरीक्षक सदर अंबर सिंह ने बताया कि शव का शनिवार को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। जिसकी रिपोर्ट आने पर ही मौत की सही वजह पता चल सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
ये भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: प्रेम प्रसंग में की गई थी परमीत सिंह की हत्या, पांच आरोपी गिरफ्तार
