उत्तरकाशी में एक घंटे में दो बार भूकंप के झटके

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देहरादून, अमृत विचार: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में शुक्रवार सुबह तीन बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। हालांकि, भूकंप से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। 
 जिला आपदा प्रबंधन केंद्र प्रभारी डीएस पटवाल ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 7:41 बजे आए भूकम्प की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 2.7 मैग्नीट्यूड मापी गयी। भूकंप का केंद्र ज़मीन की सतह से पांच किलोमीटर की गहराई में, बिंदु अक्षांश 30.73 उत्तरी, देशांतर 78.46 पूर्वी में था। इसके बाद सुबह 8:19 बजे दोबारा भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.5 मैग्नीट्यूड मापी गयी। भूकम्प का केंद्र बिंदु तहसील भटवाड़ी के दायरा बुग्याल के वन क्षेत्र में जमीन की सतह से पांच किलोमीटर की गहराई में उत्तरी अक्षांश 30.85 और पूर्वी देशांतर 78.60 में था। इसके बाद सुबह 10:59 पर भी भूकंप के काफी हल्के झटके महसूस किए गए। जिले में मनेरी, तहसील भटवाड़ी, डुंडा कुछ क्षेत्र में भूकम्प के हल्के झटके महसूस किए गए। किसी प्रकार की क्षति की खबर नहीं है। 

लगातार झटके में सहमे लोग
दूसरी बार आए भूकंप का झटका इतना तेज था कि लोग डर की वजह से अपने घरों से बाहर निकल आए और वरुणावत पर्वत के भूस्खलन संभावित क्षेत्र से पत्थर भी गिरने लगे। उत्तरकाशी के जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने अधिकारियों को जिले के सभी क्षेत्रों से इस संबंध में जानकारी लेने को कहा। भूकंप के झटकों से वर्ष 1991 के विनाशकारी भूकंप की यादें भी ताजा हो गयीं, जब 6.6 तीव्रता के भूकंप में उत्तरकाशी में जानमाल का भारी नुकसान हुआ था।

संबंधित समाचार