Moradabad: प्लास्टिक लाओ पूजा का सामान ले जाओ, महानगर को प्लास्टिक कचरा मुक्त करने की नई पहल
मुरादाबाद, अमृत विचार। नगर निगम ने महानगर को प्लास्टिक कचरे से मुक्त कराने के लिए अब नई पहल की है। इसमें प्लास्टिक लाने पर उसके बदले पूजा का सामान दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य महानगर को क्लीन, ग्रीन व पर्यावरण संरक्षित रखना है।
महानगर में हर दिन निकल रहे प्लास्टिक कचरे से नाला, नालियों में जाने से नालियां अवरूद्ध हो जाती हैं। नालों का पानी ऊपर बहने से गंदगी फैल जाती है। कूड़ा में भी प्लास्टिक कचरा अधिक होने पर उसके निस्तारण की समस्या खड़ी होती है। कुछ लोग प्लास्टिक कचरे को जला देते हैं जिससे वायु प्रदूषण बढ़ता है।नगर निगम प्रशासन नई मुहिम के अन्तर्गत प्लास्टिक के बदले पूजा सामग्री लोगों को देने की पहल की है।
नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल के निर्देशन में की गई इस पहल में एक किलो प्लास्टिक के बदले 2 अगरबत्ती के पैकेट, 3 किलो प्लास्टिक के बदले 4 धूपबत्ती, 8 अगरबत्ती और 5 किलो प्लास्टिक के बदले पूरी हवन सामग्री दी जाएगी। इससे हवन पूजन में इस सामग्री का प्रयोग होने से आध्यात्मिकता के साथ ही वातावरण की शुद्धि भी होगी। निगम प्रशासन इस मुहिम के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए भी कदम उठाएगा। नगर निगम के ब्रांड एम्बेसडर एडवोकेट प्रदीप सक्सेना ने भी बताया कि इस पहल से महानगर को स्वच्छ व स्वस्थ रखने में मदद मिलेगी।
