लखनऊ : एसबीआई ने भरा गृहकर, सरोज इंस्टीट्यूट का खाता सीज
लखनऊ, अमृत विचार : नगर निगम ने गृहकर के बड़े बकायेदारों के खिलाफ वृहद अभियान चलाकर कई भवन सील किए। कार्रवाई के दौरान जोन-1 अंतर्गत हजरतगंज स्थित महात्मा गांधी मार्ग पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया द्वारा 21,59,161 रुपये भुगतान करने पर सीलिंग रोक दी गई। जबकि सरोज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट पर 46,01,636 बकाया होने पर बैंक खाता सीज कर दिया।
शुक्रवार को नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर कर अधीक्षक अनुराग उपाध्याय एवं राजस्व निरीक्षक देवी शंकर दुबे ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया पर 21,59,161 गृहकर बकाया होने पर नोटिस जारी किया और भवन सील करने की प्रक्रिया शुरू की। कार्रवाई के दौरान बैंक प्रबंधन ने मौके पर संपूर्ण बकाया राशि का डिमांड ड्राफ्ट नगर निगम को सौंप दिया। इससे सीलिंग की प्रक्रिया तत्काल रोक दी गई। इसके अतिरिक्त टीम ने जोन-4 के खरगापुर सरसावा वार्ड अंतर्गत सरोज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट पर लंबे समय से 46,01,636 रुपये गृहकर जमा न करने पर सख्त कदम उठाया। नगर निगम ने संस्थान का बैंक ऑफ इंडिया में दर्ज खाता सीज कर दिया।
वहीं, जोन-7 में जोनल अधिकारी रामेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में टीम ने फूलबाग कॉलोनी राज विहार, विकास नगर सेक्टर-6, शंकर पुरी कमता स्थित हिमालयन हॉस्पिटल, ज्ञान विहार समेत 13 आवासीय मकान सील किए। सभी पर 11 लाख रुपये का गृहकर बकाया था।
जोन-4 में इन बड़े बकायेदारों पर हुई कार्रवाई
- सरसावा अर्जुनगंज में 88,128 बकाये पर भवन सील
- भैंसौरा में 1,07,468 बकाये पर भवन सील
- सराय शेख में 41,229 बकाये पर भवन सील
- लोलाई में 30,618 बकाये पर भवन सील
- भरवारा में 2,12,828 बकाये पर भवन सील
- एल्डेको ग्रीन पर 2,91,727 बकाये पर भवन सील
- बादशाह नगर में 73,022 बकाये पर भवन सील
- चिनहट बाजार में 1,50,000 बकाये पर 37,711 आंशिक भुगतान किया
- वास्तु खंड–2 में 94,779 बकाये पर 20,000 आंशिक भुगतान किया
- सरसावा अर्जुनगंज में 2,63,761 बकाया पर एक लाख आंशिक भुगतान किया
