बाराबंकी : पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी प्रह्लाद चौहान को जापानी व्हीलचेयर के लिए 4.35 लाख की मदद
बाराबंकी, अमृत विचार। बाराबंकी जिले के पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी प्रह्लाद चौहान को अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलने जा रहा है। संसाधनों की कमी के कारण आई बाधा को जिला प्रशासन ने दूर कर दिया है।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की पहल पर वृंदावन बोटलर्स फ्रेंचाइजी ऑफ कोका-कोला के सहयोग से सीएसआर फंड के तहत प्रह्लाद को चार लाख 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है, जिससे जापान की कंपनी से अत्याधुनिक स्पोर्ट्स व्हीलचेयर खरीदी जा रही है।
प्रह्लाद ब्राजील के साओ पाउलो में 27 जुलाई से एक अगस्त तक आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें पांच जनवरी को प्रतियोगिता का आमंत्रण मिला था, लेकिन व्हीलचेयर, खेल उपकरण और यात्रा खर्च के लिए धन की कमी आड़े आ रही थी।
जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने सीएसआर फंड से तत्काल सहायता दिलाई। सूरतगंज विकासखंड के ग्राम तुलसीपुर मजरे पर्वतपुर लालपुर करौता निवासी 80 प्रतिशत दिव्यांग प्रह्लाद चौहान ने वर्ष 2021 में पैरा बैडमिंटन की शुरुआत की। वर्ष 2022 में प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल, 2023 में राष्ट्रीय चेतन चौहान अवार्ड, 2024 में अटल बिहारी वाजपेई रग्बी कप में गोल्ड मेडल और मार्च 2025 में खेलो इंडिया पैरा गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर उन्होंने जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया।
प्रह्लाद का कहना है कि इस मदद के लिये वह डीएम शशांक त्रिपाठी, फतेहपुर एसडीएम कार्तिकेय सिंह और डीएम के स्टेनो शशि भूषण पांडेय के विशेष आभारी हैं। सरकारी और प्रशासनिक सहयोग से अब उनका अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने का सपना साकार होने जा रहा है।
