बाराबंकी में वन दरोगा को फोन पर जान से मारने की धमकी, मुकदमा दर्ज

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। क्षेत्र के रानीबाजार स्थित क्षेत्रीय वन कार्यालय में तैनात वन दरोगा से फोन पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। वन दरोगा अवैध कटान रुकवाने के प्रयास में था। पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 

जानकारी के अनुसार असंद्रा थाना क्षेत्र के ग्राम हाजीपुर पोस्ट सिद्धौर निवासी सचिन पटेल वर्तमान में वन दरोगा के पद पर कार्यरत हैं, ने बताया कि 28 जनवरी को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। अपना नाम गुलजार हुसैन पुत्र मो. नसीम निवासी गगियापुर थाना फतेहपुर बताया।

आरोप है कि कॉलर ने ग्राम बादीपुरवा में स्थित गूलर के पेड़ को कटवाने की बात कहते हुए मौके पर जांच के लिए न आने की धमकी दी। जब वन दरोगा ने नियमानुसार प्रतिबंधित वृक्ष के कटान हेतु विभागीय अनुमति व परमिट की अनिवार्यता बताई, तो आरोपी भड़क गया और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा।

आरोपी ने उन्हें गालियां दीं और कहा कि उसका काम नहीं किया गया तो वह कार्यालय आकर जान से मार देगा। इस धमकी से वह मानसिक रूप से अत्यधिक तनाव में हैं। पीड़ित ने मामले को सरकारी कार्य में बाधा, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी से जुड़ा बताते हुए आरोपी के विरुद्ध तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

प्रतिबंधित पेड़ों की अवैध कटान, तीन पर रिपोर्ट

थाना असंद्रा क्षेत्र के ग्राम पूरे चितई मजरे अमहिया में प्रतिबंधित प्रजाति के पेड़ों की अवैध कटान का मामला सामने आया है। वन विभाग को ग्राम पूरे चितई में निजी भूमि पर प्रतिबंधित पेड़ों का कटान करने की सूचना मिली तो वन दरोगा आलोक कुमार सेक्शन प्रभारी ढेमा, हमराह राम सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि कृषक राम सिंह पुत्र स्व. मेवालाल की भूमि से एक पाकड़, एक शीशम, एक इमली तथा एक नीम का पेड़ काटकर लकड़ी उठा ले जाई गई है।

यही नहीं, नीम के पेड़ का बूट भी खोदकर ले जाया गया। मौके पर बुलाए गए कृषक ने बताया कि कलीमुद्दीन पुत्र मुनीर निवासी ढेमा, हारून पुत्र अज्ञात निवासी जमोली तथा परशुराम पुत्र अज्ञात निवासी मोहम्मदनगर जमोली थाना असंद्रा ने परमिट बनवाने के नाम पर गुमराह कर पेड़ों का कटान कराया। वन विभाग के अनुसार कटे हुए सभी वृक्ष प्रतिबंधित प्रजाति के हैं।

संबंधित समाचार