फाइलेरिया उन्मूलन : यूपी में साथ आए UPSRLM और पंचायती राज, 65 हजार स्वयं सहायता समूह गांव-गांव फैलाएंगे जागरूकता
लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को गति देने के लिए उप्र. राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (यूपीएसआरएलएम) और पंचायती राज विभाग एकजुट हो गए हैं। दोनों विभागों के सहयोग से राज्य के 21 जनपदों के 64 ब्लॉकों में होने वाले सर्वजन दवा सेवन (आईडीए) अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा। यूपीएसआरएलएम से जुड़े करीब 65 हजार स्वयं सहायता समूह गांव-गांव जाकर लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा खाने के लिए जागरूक करेंगे।
शुक्रवार को आयोजित वर्चुअल बैठक में राज्य फाइलेरिया अधिकारी डॉ. ए.के. चौधरी ने बताया कि यदि प्रत्येक समूह का एक सदस्य दस लोगों को दवा सेवन के लिए प्रेरित करता है तो अभियान के जरिए 6.5 करोड़ लोगों तक पहुंच संभव है। इस बार आईडीए अभियान में एल्बेंडाजोल, डीईसी और आइवरमेक्टिन की खुराक दी जाएगी।
पोलियो उन्मूलन अभियान से जुड़े रहे डॉ. भूपेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि किसी भी बीमारी के उन्मूलन के लिए अंतरविभागीय सहयोग बेहद जरूरी है यूपीएसआरएलएम और पंचायती राज का सहयोग फाइलेरिया उन्मूलन की दिशा में अहम साबित होगा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के महाप्रबंधक डॉ. अमित ओझा ने कहा कि यूपीएसआरएलएम के सदस्य दवा से वंचित या इंकार करने वाले लोगों तक पहुंच बनाने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। अधिकारियों ने ग्राम प्रधानों से अभियान की शुरुआत स्वयं दवा सेवन कर उदाहरण प्रस्तुत करने और गांव स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की।
