Bareilly: बिल्वा में जल्द शुरू होगा बरातघर का निर्माण, भूमि चिह्नांकन काम हुआ पूरा
बरेली, अमृत विचार। भोजीपुरा ब्लॉक के बिल्वा ग्राम पंचायत में राजस्व एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों ने बरात घर निर्माण के लिए प्रस्तावित भूमि का चिह्नांकन कार्य पूरा कर लिया है। अफसरों का दावा है कि जल्द बरात घर निर्माण शुरू होगा।
14 वें वित्त आयोग की परफॉर्मेंस ग्रांट बिल्वा के अलावा ग्राम पंचायत खजुआ जागीर और मुड़िया हाफिज में भी बरात घर का निर्माण होगा। एक बरात घर के निर्माण पर 3.41 करोड़ रुपये खर्च होंगे। निर्माण की जिम्मेदारी निदेशालय ने पटना की एक फर्म को सौंपी है। 50 फीसदी धनराशि जारी की जा चुकी है।
बिलवा में बरात घर के लिए पूर्व में चिह्नित जमीन पर निर्माण शुरू कराने से पहले उसकी नापजोख के लिए बीते एक जनवरी को राजस्व व पंचायतीराज विभाग के कर्मचारी पहुंचे थे। विरोध के चलते टीम को लौटना पड़ा था। इसके बाद नायब तहसीलदार विदित कुमार के नेतृत्व में टीम ने दोबारा गांव पहुंची। पुलिस को देखकर पैमाइश का कोई विरोध करने वाला नहीं आया।
डीपीआरओ कमल किशोर ने बताया कि शनिवार को क्षेत्रीय लेखपाल, सचिव, प्रधान, ग्राम पंचायत के साथ कंसल्टिंग इंजीनियरों ने भी भूमि चिह्नांकन कार्य में सहयोग दिया। उन्होंने बताया कि बरात घर निर्माण कार्य शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। तीनों गांवों में बरात घर बनने से स्थानीय ग्रामीणों को विवाह और सामाजिक आयोजनों के लिए एक बेहतर और समर्पित स्थल उपलब्ध होगा, जो गांव के विकास में अहम भूमिका निभाएगा। यह चिह्नांकन ग्राम पंचायत की भूमि प्रबंधन समिति से प्राप्त प्रस्ताव के आधार पर किया गया है।
