हरदोई : बिजली ट्रांसफार्मर चोर गैंग के दो सदस्य मुठभेड़ में घायल, आठ गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में विद्युत व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाले और ट्रांसफार्मरों से तेल व कॉपर चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह से आज तड़के सुबह पुलिस से मुठभेड़ हुई है जिसमे दो बदमाश पुलिस की गोली से घायल हुए है। स्वाट, सर्विलांस और थाना अरवल पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी की,जिसके बाद बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी।

जवाबी कार्रवाई में दो शातिर अपराधी सत्येन्द्र और गजेन्द्र के पैर में गोली लगी, जबकि मौके से कुल आठ शातिर चोरों को दबोच लिया गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी हरपालपुर सतेंद्र सिंह ने आज बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में फर्रुखाबाद के उमरापुर निवासी सत्येन्द्र, प्रवेश, सुरेन्द्र और अनूप, कासगंज का गजेन्द्र तथा हरदोई के स्थानीय निवासी मुनेन्द्र, रोहित और अजय शामिल हैं।

यह गिरोह लंबे समय से आसपास के जनपदों में सक्रिय था और रात के अंधेरे में ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाकर कॉपर वायर और तेल चोरी करता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के सरगना सत्येन्द्र और सुरेन्द्र पर कई जिलों में लूट,चोरी और गैंगस्टर एक्ट के गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रांसफार्मर तेल चोरी करने वाला गिरोह अरवल क्षेत्र के टिलिया घटवासा गांव में वारदात की फिराक में है।सूचना पर स्वाट,सर्विलांस और अरवल पुलिस ने घेराबंदी की।

मौके पर पहुंचते ही बदमाशों ने खुद को घिरा देख पुलिस पार फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो को पैर में गोली लगी और घेराबंदी कर कुल 8 बदमाशों को दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 49,000 रुपये नकद, 50 लीटर ट्रांसफार्मर तेल, तीन बंडल कॉपर वायर और चोरी में प्रयुक्त भारी उपकरण बरामद किए हैं।

इसके अलावा एक सफेद कार, दो अवैध तमंचे , चार जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस भी बरामद हुए। सभी आठों अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि घायल बदमाशों का इलाज पुलिस निगरानी में जारी है।

संबंधित समाचार