लखनऊ में नगर निगम की कूड़ा ढोने वाली 300 गाड़ियां फैला रही प्रदूषण, 77 वार्डों में गलियों से उठा रहीं Garbage
लखनऊ, अमृत विचार : दोपहिया हो या फिर चार पहिया, अगर बिना प्रदूषण प्रमाण पत्र के राजधानी की सड़कों पर दौड़ते मिले तो वाहन स्वामियों पर भारी-भरकम जुर्माने की राशि का प्रावधान है लेकिन अगर यही वाहन सरकारी संस्थाओं से जुडे़ हैं तो उन पर न तो जुर्माना लगता है और न ही नियम प्रभावी होते हैं। अब नगर निगम की कूड़ा उठाने और ढोने वाली गाड़ियों को ही ले लिया जाए जो खुलेआम धुआं उगल रही हैं। बहुतों में तो नंबर प्लेट तक नहीं है।
यहां तक इनकी जर्जर हालत देख इनके पंजीयन के साल तक का अता-पता लगाना मुश्किल है। पर यह गाड़ियां हजरतगंज, नगर निगम मुख्यालय समेत शहर के तमाम वीआईपी स्थानों पर कूड़ा ढो रही हैं। जहां शहर में वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए उच्चतम न्यायालय समेत तमाम बड़ी एजेंसियों की गाइड लाइन है। बावजूद इन वाहनों को रोकने वाला कोई नहीं। नगर निगम के पास ऐसी करीब 300 कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां हैं। जिनसे प्रदूषण फैल रहा है।
तत्कालीन मंडलायुक्त रोशन जैकब और महापौर सुषमा खर्कवाल भी इन गाड़ियों को हटाने के लिए नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दे चुकी हैं। लेकिन कोई असर धरातल पर नहीं दिख रहा है। नगर निगम के जोन 1, 3, 4, 6 और जोन 7 के 77 वार्डों में अभी भी इन खटारा गाड़ियों से ही कूड़ा उठाया जा रहा है। इन गाड़ियों को नगर निगम के आरआर विभाग स्थित टंकी और निर्धारित पेट्रोल पम्पों से डीजल दिया जाता है।
निजी कंपनियां लगा रहे ई-वाहन, नगर निगम दौड़ा रहा डीजल वाहन
नगर निगम ने शहर के कूड़ा प्रबंधन से लेकर डोर-टू-डोर कलेक्शन के लिए निजी कंपनियों को काम दे दिया है। पांच जोन में काम देख रही लखनऊ स्वच्छता अभियान (एलएसए) घरों से कूड़ा कलेक्शन के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल कर रही है वहीं नगर निगम अभी भी वाहनों पर डीजल फूंक रहा है।
पांच जोन में कार्यदाई संस्थाएं कर रहीं सड़कों की सफाई
पांच जोन में नगर निगम ने पार्षदों के दबाव में अभी भी एलएसए कंपनी को रोड स्वीपिंग का काम पूरा नहीं दिया है। इन जोनों के 77 वार्डों में 7 मीटर से कम चौड़ी सड़कों की सफाई नगर निगम कार्यदाई संस्थाओं के माध्यम से करा रहा है। नगर निगम इन वार्डों में सड़कों और नालियों की सफाई के साथ कूड़ा पड़ाव घरों तक पहुंचाने के लिए अभी भी खटारा हो चुके डीजल वाहनों का इस्तेमाल कर रहा है।
