आदर्श तालाब में मानक के विपरीत मिट्टी की खुदाई: ग्रामीणों के विरोध के बाद रुका काम, राजस्व टीम करेगी सीमांकन

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार। क्षेत्र के ग्राम पंचायत सराय चैमल के राजस्व गांव लक्ष्मीदासपुर, रामपुर सरधा व नरायनपुर में आदर्श तालाब पर लगे छायादार हरे वृक्षों को काटकर मानक के विपरीत मिट्टी खुदाई की गई। गलत सीमांकन के चलते खतौनी धारकों की जमीन को गड्ढे में तब्दील कर दिया। ग्रामीणों के आक्रोश को बढ़ते देखकर खुदाई का काम बंद कर दिया।

केस एक- 15 साल पुराने छायादार हरे पेड़ काट दिये

राजस्व गांव लक्ष्मीदासपुर में स्थित आदर्श तालाब के चारों तरफ लगे पीपल, सागौन, अर्जुन सहित कई प्रकार के 15 साल पुराने दर्जनों छायादार हरे पेड़ काट दिये। तालाब के दो तरफ के बंधे को तोड़कर मानक के विपरीत खुदाई करके मिट्टी रिंग रोड़ के लिए उठा ले गए। यही नहीं तालाब के पास स्थित काली चौरा स्थान के किनारे तक की मिट्टी खोद लिया गया। ग्रामीण चंद्रिका प्रसाद राय, जयप्रकाश राय, राकेश राय, वीरेंद्र, संगम, आकाश राय आदि का आरोप है कि ग्राम प्रधान ने आदर्श तालाब परिता लगे पेड़ों को कटवाकर बेंच दिया। जबकि तालाब में विवाह के बाद महिलाओं द्वारा मौरी सेरवा जाता है।

प्रधान को बार-बार फोन करने के बाद भी मौके पर नहीं आए और अब फोन उठाना बंद कर दिए हैं। शांतिपुर के खतौनी धारक कौशलेंद्र प्रताप सिंह, बृजेंद्र सिंह, रतीभान सिंह, अरविंद सिंह, मनोज सिंह समेत कई किसानों का आरोप है कि कानूनगो व लेखपाल लक्ष्मीदासपुर ने गलत सीमांकन कर दिया था। जिससे हम लोग के खतौनी की जमीन से मिट्टी की खुदाई कर ली गई। शांतिपुर की लेखपाल पूजा वर्मा ने सीमांकन करके बताया तो पता चला कि हम लोगों की खतौनी में मिट्टी खोदकर उठा ले गये। जब इस संबंध में प्रधान सुनील मौर्या से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि प्रधान संघ की बैठक में मौजूद हूं बैठक संपन्न होने के बाद देखेंगे।

केस दो- गड्डों में तब्दील हो गई सड़क

ग्राम पंचायत रामपुर सरधा निवासी निशांत सिंह मनोज सिंह, आकाश सिंह मनोज प्रभाकर आदि का आरोप है कि रामपुर सरधा के मजरे ढ़ोडे का पुरवा में मिट्टी की खुदाई चार मीटर की गई है। डंपर द्वारा मिट्टी की ढुलाई से कई जगह सड़क टूटकर गड्डों में तब्दील हो गई है, जिस पर अब चलना मुश्किल हो गया है।

केस तीन : - साढ़े तीन मीटर खोदी मिट्टी

नरायनपुर की हालत और खराब है। गांव निवासी मोहम्मद शाहिद,रामवती, केशवराम, गंगाराम, मोहम्मद रफी, झींगुरी आदि ने बताया कि गांव के पश्चिमी सिरे पर स्थित अमृत सरोवर (सुखवा का तालाब) में मानक के विपरीत करीब साढ़े तीन मीटर मिट्टी खोदी जा रही है।

आम, जामुन, महुआ, सागौन, पाकड का पुराना पेड़ काट कर बेच लिया, मिट्टी के ढुलाई के चलते सड़क टूट कर बदहाल हो गई लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। प्रधान राजेश कोरी ने बताया कि मिट्टी खोदने का मानक ढाई मीटर है लेकिन ज्यादा खोद रहे हैं, मना किया गया लेकिन माने नहीं।

इस बाबत कानूनगो अयोध्या देवी प्रसाद मिश्रा ने बताया कि राजस्व गांव लक्ष्मीदासपुर के लेखपाल रमेश सिंह ने मेरी मौजूदगी में सीमांकन किया था जो सही है। मिट्टी ढाई मीटर ही खोदने का निर्देश है ज्यादा खोदना गलत है। दोनों ग्राम पंचायत के लेखपालों की मौजूदगी में दोबारा सीमांकन किया जाएगा। तब तक के लिए मिट्टी खुदाई का कार्य रोक दिया गया है।

ये भी पढ़ें : 
YIEDA में बन रहा यूपी का पहला सेमीकंडक्टर पार्क: मुख्यमंत्री ने की समीक्षा, वैश्विक मानकों पर निर्माण के निर्देश

संबंधित समाचार